एमएसडीयू में छात्राओं के लिए ताइक्वांडो प्रशिक्षण 15 अगस्त से

  • whatsapp
  • Telegram
एमएसडीयू में छात्राओं के लिए ताइक्वांडो प्रशिक्षण 15 अगस्त से
X



आजमगढ़, 13 अगस्त। महाराजा सुहेल देव विश्वविद्यालय, आजमगढ़ में छात्राओं को आत्मरक्षा के प्रति जागरूक एवं सक्षम बनाने के उद्देश्य से ताइक्वांडो प्रशिक्षण सत्र का शुभारंभ 15 अगस्त 2026 से किया जाएगा। विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित होने वाले इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में विश्वविद्यालय की सभी छात्राएं प्रतिभाग कर सकेंगी।

कुलपति प्रो. संजीव कुमार ने कहा कि छात्राओं की सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और व्यक्तित्व विकास विश्वविद्यालय की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा, “आत्मरक्षा का प्रशिक्षण छात्राओं को केवल विपरीत परिस्थितियों में अपनी सुरक्षा करने का कौशल ही नहीं देता, बल्कि उनमें आत्मविश्वास, अनुशासन और मानसिक दृढ़ता भी विकसित करता है। विश्वविद्यालय छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों को भी निरंतर प्रोत्साहित करेगा।”उन्होंने छात्राओं से ताइक्वांडो प्रशिक्षण में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर और आत्मविश्वास से परिपूर्ण युवा ही सशक्त समाज एवं विकसित राष्ट्र के निर्माण में प्रभावी भूमिका निभा सकते हैं।

प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को आत्मरक्षा के व्यावहारिक कौशल से परिचित कराने के साथ-साथ उनकी शारीरिक फिटनेस एवं समग्र स्वास्थ्य को बेहतर बनाना है। प्रशिक्षण में रुचि रखने वाली छात्राओं को निर्धारित गूगल फॉर्म के माध्यम से पंजीकरण कराना होगा। पंजीकरण की अंतिम तिथि 14 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है, जबकि प्रशिक्षण सत्र 15 अगस्त 2026 से प्रारंभ होगा।

इच्छुक छात्राओं से अपील की गई है कि वे निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपना पंजीकरण करा लें। प्रशिक्षण से संबंधित अधिक जानकारी के लिए दीक्षा राय, विभागाध्यक्ष/प्रतिनिधि, अर्थशास्त्र विभाग से मोबाइल नंबर 9569991836 पर संपर्क किया जा सकता है।

Next Story
Share it