सीएसजेएमयू में मिड सेमेस्टर 15000 से ज्यादा विद्यार्थियों ने दी परीक्षा

  • whatsapp
  • Telegram
सीएसजेएमयू में मिड सेमेस्टर 15000 से ज्यादा विद्यार्थियों ने दी परीक्षा
X


कानपुर। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय परिसर में विषम सेमेस्टर की मिड सेमेस्टर परीक्षाओं का पहले दिन सोमवार को शांतिपूर्ण रूप से परीक्षा सम्पन्न हुयी। परीक्षा के प्रथम दिन विश्वविद्यालय परिसर के विभिन्न विभागों एवं संस्थानों में 15 हजार से ज्यादा छात्र-छात्राओं ने परीक्षा दी।

विश्वविद्यालय कैंपस परीक्षा प्रभारी प्रो. प्रभात द्विवेदी के अनुसार परीक्षा में सम्मिलित होने के लिए निर्धारित न्यूनतम 75 प्रतिशत उपस्थिति के नियम का सभी विभागों में कड़ाई से पालन किया गया। जिन विद्यार्थियों की उपस्थिति 75 प्रतिशत से कम थी, उन्हें परीक्षा में सम्मिलित होने की अनुमति नहीं दी गई। विभागों द्वारा विद्यार्थियों की उपस्थिति का पूर्व सत्यापन करते हुए परीक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई।

परीक्षाओं का संचालन विश्वविद्यालय द्वारा निर्धारित चार पालियों में किया जा रहा है। पहली पाली प्रातः 9:00 से 10:30 बजे, दूसरी पाली 11:00 से 12:30 बजे, तीसरी पाली दोपहर 1:30 से 3:00 बजे तथा चौथी पाली 3:30 से 5:00 बजे तक निर्धारित है। मिड सेमेस्टर परीक्षाएं 21 से 26 सितंबर 2026 तक तथा वोकेशनल पाठ्यक्रमों की परीक्षाएं 28 एवं 29 सितंबर 2026 को आयोजित की जाएंगी।

परीक्षा को निष्पक्ष एवं पारदर्शी बनाए रखने के लिए परीक्षा समिति द्वारा विभिन्न विभागों में ऑब्जर्वरों की तैनाती की गई है। परीक्षा कक्षों में अनुशासन, निर्धारित नियमों के अनुपालन तथा नकल की रोकथाम के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।

परीक्षा प्रभारी व डीन एकेडमिक्स प्रो. वृष्टि मित्रा द्वारा विश्वविद्यालय परिसर के विभिन्न विभागों में आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान परीक्षा कक्षों में विद्यार्थियों की उपस्थिति, अनुशासन, परीक्षा संचालन तथा नकल रोकने के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।

परीक्षा के प्रथम दिन एक छात्र को अनुचित साधन/निषिद्ध सामग्री का प्रयोग करते हुए पकड़ा गया। विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। परीक्षा प्रभारी ने स्पष्ट किया कि परीक्षा की शुचिता एवं निष्पक्षता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा तथा अनुचित साधनों का प्रयोग करने वाले विद्यार्थियों के विरुद्ध विश्वविद्यालय के निर्धारित नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

परीक्षा के प्रथम दिन संपूर्ण परिसर में परीक्षा व्यवस्था सामान्य एवं अनुशासित रही।

Next Story
Share it