युवा खेल महोत्सव 2.0 में कबड्डी (पुरुष) प्रतियोगिता का खिताब भाषा विश्वविद्यालय ने जीता

  • whatsapp
  • Telegram
युवा खेल महोत्सव 2.0 में कबड्डी (पुरुष) प्रतियोगिता का खिताब भाषा विश्वविद्यालय ने जीता
X


के.डी. सिंह बाबू स्टेडियम, लखनऊ में आयोजित युवा खेल महोत्सव 2.0 के अंतर्गत कबड्डी (पुरुष) प्रतियोगिता में ख़्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय, लखनऊ की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। फाइनल मुकाबले में विश्वविद्यालय की टीम ने श्री रामस्वरूप मेमोरियल कॉलेज ऑफ़ इंजीनियरिंग एंड मैनेजमेंट, लखनऊ को 38-35 के करीबी अंतर से हराकर विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया।

फाइनल मैच बेहद रोमांचक रहा, जिसमें दोनों टीमों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। विश्वविद्यालय की टीम ने पूरे मुकाबले के दौरान संतुलित आक्रमण और मजबूत रक्षण का परिचय देते हुए बढ़त बनाए रखी और अंततः जीत हासिल की। खिलाड़ियों के बीच बेहतर समन्वय, सुदृढ़ रणनीति और संघर्षशीलता इस विजय के प्रमुख कारक रहे।

इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अजय तनेजा ने विजेता टीम को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि ऐसी सफलताएँ विद्यार्थियों में अनुशासन, टीम भावना और उत्कृष्टता की भावना को सुदृढ़ करती हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।

क्रीड़ा परिषद के उपाध्यक्ष डॉ. नीरज शुक्ल ने टीम के प्रदर्शन की सराहना करते हुए इसे खिलाड़ियों के निरंतर अभ्यास और समर्पण का परिणाम बताया। वहीं क्रीड़ा परिषद के सचिव मो. शारिक ने कहा कि विश्वविद्यालय खेल गतिविधियों को निरंतर प्रोत्साहित कर रहा है तथा खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

इस अवसर पर आयोजन समिति के सदस्यों, प्रशिक्षकों एवं खेल प्रेमियों ने विजेता टीम को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस उपलब्धि से विश्वविद्यालय का नाम गौरवान्वित हुआ है।

Next Story
Share it