भाषा विश्वविद्यालय: डॉ. रुचिता सुजय चौधरी का कोर्स स्वयं प्लेटफॉर्म के लिए शॉर्टलिस्ट, जुलाई 2026 से होगा प्रसारण

  • whatsapp
  • Telegram
भाषा विश्वविद्यालय: डॉ. रुचिता सुजय चौधरी का कोर्स स्वयं प्लेटफॉर्म के लिए शॉर्टलिस्ट, जुलाई 2026 से होगा प्रसारण
X


लखनऊ। ख़्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय के जनसंचार एवं पत्रकारिता विभाग की सहायक प्राध्यापिका डॉ. रुचिता सुजय चौधरी का ऑनलाइन पाठ्यक्रम “मैनेजमेंट कम्यूनिकेशन: कॉनसेप्ट्स, स्किल्स एंड एप्लिकेशंस” प्रतिष्ठित स्वयं प्लेटफॉर्म के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया है। यह कोर्स जुलाई 2026 से स्वयं प्लेटफॉर्म पर प्रसारित किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि यह विश्वविद्यालय का पहला पाठ्यक्रम है जिसे स्वयं प्लेटफॉर्म के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया है और यह यूजीसी स्वयं गाइडलाइंस 2024 के अनुरूप तैयार किया जा रहा है।

यह पाठ्यक्रम प्रबंधन संचार के मूलभूत सिद्धांतों, मॉडलों और प्रक्रियाओं पर आधारित है, जिसमें संगठनात्मक गतिविधियों जैसे योजना निर्माण (Planning), संगठन (Organising), नेतृत्व (Leading) और नियंत्रण (Controlling) में संचार की भूमिका को विशेष रूप से रेखांकित किया गया है। कोर्स में संचार के विभिन्न आयामों को शामिल करते हुए वास्तविक कार्यस्थल में उनके व्यावहारिक उपयोग पर विशेष जोर दिया गया है।

डॉ. रुचिता सुजय चौधरी ने बताया कि इस पाठ्यक्रम के माध्यम से शिक्षार्थी मौखिक, अमौखिक और लिखित संचार कौशलों का गहन अध्ययन करेंगे। इसमें व्यावसायिक पत्राचार, रिपोर्ट लेखन, प्रस्तुतीकरण, बैठकों का संचालन, वार्ता तथा विवाद समाधान जैसे महत्वपूर्ण कौशलों को व्यावहारिक दृष्टिकोण के साथ समझाया जाएगा।

उन्होंने यह भी बताया कि यह पाठ्यक्रम व्यापक (Broad-based) शिक्षार्थियों को ध्यान में रखते हुए तथा क्षेत्रीय भाषाओं के प्रसार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से हिंदी भाषा में तैयार किया जा रहा है, जिससे अधिकाधिक विद्यार्थियों तक इसकी पहुंच सुनिश्चित की जा सके।

यह कोर्स कुल 9 सप्ताह का होगा, जो स्वयं दिशा-निर्देशों के अनुरूप तैयार किया गया है। पाठ्यक्रम 4 क्रेडिट का है और डिप्लोमा, स्नातक एवं स्नातकोत्तर स्तर के विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा। मूल्यांकन प्रणाली में 25 प्रतिशत अंक साप्ताहिक आंतरिक मूल्यांकन के आधार पर तथा 75 प्रतिशत अंक अंतिम परीक्षा के लिए निर्धारित किए गए हैं।

कोर्स का अध्ययन माध्यम वीडियो व्याख्यान, पीडीएफ सामग्री एवं टेक्स्ट आधारित सामग्री होगा, जिससे शिक्षार्थियों को बहुआयामी अधिगम का अवसर प्राप्त होगा।

इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अजय तनेजा ने डॉ. रुचिता सुजय चौधरी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह उपलब्धि विश्वविद्यालय के साथ-साथ लखनऊ एवं प्रदेश के लिए गौरव का विषय है, साथ ही डिजिटल शिक्षा के क्षेत्र में शिक्षकों की बढ़ती भूमिका को भी दर्शाती है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि यह कोर्स देशभर के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा और प्रबंधन संचार के क्षेत्र में उनकी समझ को और सुदृढ़ करेगा।

उल्लेखनीय है कि यह डॉ. चौधरी का दूसरा मूक (MOOC) पाठ्यक्रम है। इससे पूर्व उन्होंने “मीडिया लिट्रेसी” विषय पर एक कोर्स तैयार किया था, जिसका प्रसारण स्वयं प्रभा चैनल पर किया जा रहा है।

विश्वविद्यालय परिवार एवं अकादमिक जगत में इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त किया गया है और इसे डिजिटल शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

Next Story
Share it