रिंटवीक विमेन टू वॉच अवॉर्ड 2026 में डॉ. रुचिता सुजई चौधरी को ‘पब्लिशिंग पर्सन ऑफ द ईयर’ सम्मान

  • whatsapp
  • Telegram
रिंटवीक विमेन टू वॉच अवॉर्ड 2026 में डॉ. रुचिता सुजई चौधरी को ‘पब्लिशिंग पर्सन ऑफ द ईयर’ सम्मान
X


प्रिंट एवं पैकेजिंग उद्योग के प्रतिष्ठित मंच प्रिंटवीक द्वारा आयोजित ‘विमेन टू वॉच अवॉर्ड्स 2026’ में देशभर से प्राप्त 108 प्रविष्टियों में से विभिन्न श्रेणियों के लिए 18 उत्कृष्ट महिलाओं का चयन किया गया। इस वर्ष ‘पब्लिशिंग पर्सन ऑफ द ईयर’ सम्मान ख़्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय, लखनऊ के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग की सहायक आचार्य डॉ. रुचिता सुजई चौधरी को प्रदान किया गया।

डॉ. चौधरी को यह सम्मान मीडिया शिक्षा, प्रकाशन, मीडिया साक्षरता, डिजिटल शिक्षण सामग्री निर्माण तथा ज्ञान के प्रसार के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया गया। उन्होंने उच्च शिक्षा में नवाचारपूर्ण शिक्षण पद्धतियों को बढ़ावा देने के साथ-साथ ई-कंटेंट विकास, मीडिया साक्षरता और समावेशी संचार के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कार्य किया है।

डॉ. रुचिता सुजई चौधरी एक सक्रिय शिक्षाविद्, शोधकर्ता, लेखिका एवं मीडिया विशेषज्ञ हैं। अब तक उनकी नौ पुस्तकों का प्रकाशन हो चुका है तथा उनके पचास से अधिक शोध-पत्र, पुस्तक अध्याय एवं अकादमिक लेख राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित पत्रिकाओं और प्रकाशनों में प्रकाशित हो चुके हैं। मीडिया, जनसंचार, मीडिया साक्षरता, जेंडर अध्ययन तथा समकालीन सामाजिक विषयों पर उनके शोध कार्यों को व्यापक सराहना प्राप्त हुई है।

उन्होंने विश्वविद्यालय अनुदान आयोग के अंतर्गत ई-कंटेंट निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया है तथा स्वयं, स्वयं प्रभा और अन्य राष्ट्रीय शैक्षणिक मंचों के लिए पाठ्य सामग्री विकसित की है। उनका ‘मीडिया साक्षरता’ पाठ्यक्रम राष्ट्रीय स्तर पर प्रसारित हो रहा है तथा विद्यार्थियों और शिक्षकों के बीच विशेष रूप से लोकप्रिय है।

इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अजय तनेजा ने कहा, “डॉ. रुचिता सुजई चौधरी को ‘पब्लिशिंग पर्सन ऑफ द ईयर’ जैसा प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मान प्राप्त होना विश्वविद्यालय परिवार के लिए अत्यंत गर्व और हर्ष का विषय है। उनकी शैक्षणिक प्रतिबद्धता, उत्कृष्ट शोध कार्य, प्रकाशन उपलब्धियाँ तथा मीडिया शिक्षा के क्षेत्र में नवाचारपूर्ण योगदान उन्हें विशिष्ट पहचान प्रदान करते हैं। यह सम्मान उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि के साथ-साथ विश्वविद्यालय की अकादमिक उत्कृष्टता का भी प्रमाण है। हमें विश्वास है कि उनकी उपलब्धियाँ विद्यार्थियों, शोधार्थियों और युवा शिक्षकों को नई प्रेरणा देंगी।”

‘विमेन टू वॉच अवॉर्ड्स’ प्रिंटवीक के प्रतिष्ठित ‘लीडर्स एंड लीजेंड्स 2026’ समारोह का हिस्सा है। यह आयोजन प्रिंटवीक के तीन प्रमुख कार्यक्रमों—‘पावर 100’, ‘फोर्टी अंडर 40’ और ‘विमेन टू वॉच’—का समागम है, जो उद्योग में उत्कृष्ट नेतृत्व, नवाचार और उपलब्धियों को सम्मानित करता है।

इस वर्ष पुरस्कार कार्यक्रम में पहली बार व्यक्तिगत श्रेणियों के साथ-साथ संस्थागत श्रेणियों को भी शामिल किया गया, जिससे उद्योग में सकारात्मक परिवर्तन और नवाचार को बढ़ावा देने वाले संगठनों को भी सम्मानित किया जा सके। पुरस्कारों के लिए 1 जनवरी 2025 से 31 दिसंबर 2025 के मध्य की उपलब्धियों पर आवेदन आमंत्रित किए गए थे। कुल 108 प्रविष्टियों में से 80 वैध प्रविष्टियों को निर्णायक मंडल के मूल्यांकन हेतु चयनित किया गया।

डॉ. रुचिता सुजई चौधरी को प्राप्त यह राष्ट्रीय सम्मान न केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि मीडिया शिक्षा, शोध, प्रकाशन और ज्ञान-सृजन के क्षेत्र में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी और नेतृत्व क्षमता का भी प्रतीक है। यह उपलब्धि ख़्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय, लखनऊ तथा संपूर्ण शैक्षणिक जगत के लिए गौरव का विषय है।

Next Story
Share it