नेचर इंडेक्स इंस्टीट्यूशन रैंकिंग 2026 में पंजाब केंद्रीय विश्वविद्यालय ने देशभर के अकादमिक संस्थानों में हासिल किया 119वाँ स्थान
बठिंडा, 3 जुलाई: पंजाब केंद्रीय विश्वविद्यालय (सीयू पंजाब), बठिंडा ने अनुसंधान उत्कृष्टता के क्षेत्र में एक और उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए नेचर...

बठिंडा, 3 जुलाई: पंजाब केंद्रीय विश्वविद्यालय (सीयू पंजाब), बठिंडा ने अनुसंधान उत्कृष्टता के क्षेत्र में एक और उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए नेचर...
बठिंडा, 3 जुलाई: पंजाब केंद्रीय विश्वविद्यालय (सीयू पंजाब), बठिंडा ने अनुसंधान उत्कृष्टता के क्षेत्र में एक और उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए नेचर इंडेक्स इंस्टीट्यूशन रैंकिंग 2026 में भारतीय शैक्षणिक संस्थानों के बीच 119वाँ स्थान प्राप्त किया है। विश्वविद्यालय ने 1.78 शेयर स्कोर के साथ 9 शोध प्रकाशनों का योगदान दर्ज कराया, जो विश्वविद्यालय के शोध कार्यों की गुणवत्ता तथा वैश्विक प्रभाव को दर्शाता है।
नेचर इंडेक्स विश्व के प्रतिष्ठित शोध संस्थानों का मूल्यांकन प्राकृतिक विज्ञान, स्वास्थ्य विज्ञान, अनुप्रयुक्त विज्ञान तथा सामाजिक विज्ञान के क्षेत्रों में अग्रणी अंतरराष्ट्रीय शोध पत्रिकाओं में प्रकाशित शोध लेखों के आधार पर करता है।
पंजाब केंद्रीय विश्वविद्यालय के शोधकर्ताओं ने एडवांस्ड फंक्शनल मैटेरियल्स, एंजेवांड्टे केमी इंटरनेशनल एडिशन, इनऑर्गेनिक केमिस्ट्री, जर्नल ऑफ द अमेरिकन केमिकल सोसाइटी, नेचर मेडिसिन तथा द लैंसेट जैसी विश्व की प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय शोध पत्रिकाओं में अपने शोध प्रकाशित किए हैं। इन शोध कार्यों में उन्नत सामग्री विज्ञान, सतत रसायन विज्ञान, नैनो प्रौद्योगिकी, ऊर्जा भंडारण, कार्बन डाइऑक्साइड रूपांतरण तथा वैश्विक स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर उल्लेखनीय योगदान दिया गया है।
विश्वविद्यालय ने ग्लोबल बर्डन ऑफ डिजीज अध्ययनों में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है, जिनके निष्कर्ष नेचर मेडिसिन तथा द लैंसेट जैसी प्रतिष्ठित पत्रिकाओं में प्रकाशित हुए हैं। इन अध्ययनों में आहारजनित लौह (आयरन) की कमी, दीर्घकालिक श्वसन रोग, मादक पदार्थों के सेवन से उत्पन्न विकार तथा कैंसर जैसी प्रमुख वैश्विक स्वास्थ्य चुनौतियों का वैज्ञानिक विश्लेषण प्रस्तुत किया गया है।
यह उपलब्धि विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों प्रो. जसविंदर सिंह भट्टी, प्रो. एस.के. महापात्रा, प्रो. राजेन्द्र एस. धायल (वर्तमान में राजस्थान केंद्रीय विश्वविद्यालय में लियन पर कार्यरत), प्रो. बलजिंदर सिंह, प्रो. मुकेश कुमार यादव, डॉ. बालाचंदर वेल्लिंगिरी, डॉ. महालक्ष्मी अय्यर, डॉ. अमित सिंह तथा डॉ. उज्जवल शर्मा के समर्पित प्रयासों का परिणाम है, जिनके शोध कार्य विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय शोध प्रतिष्ठा को निरंतर सुदृढ़ बना रहे हैं।
इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय के संकाय सदस्यों को बधाई देते हुए कुलपति प्रो. राघवेंद्र प्रसाद तिवारी ने कहा कि नेचर इंडेक्स रैंकिंग में विश्वविद्यालय का उत्कृष्ट प्रदर्शन गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान, नवाचार तथा अंतरराष्ट्रीय सहयोग के प्रति उसकी सतत प्रतिबद्धता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि विश्वविद्यालय के शोधकर्ताओं की निष्ठा, परिश्रम और उत्कृष्ट वैज्ञानिक योगदान का परिणाम है, जो महत्वपूर्ण वैज्ञानिक एवं सामाजिक चुनौतियों के समाधान में योगदान देने के साथ-साथ विश्वविद्यालय की वैश्विक शैक्षणिक प्रतिष्ठा को भी नई ऊँचाइयों तक पहुँचा रहे हैं।
नेचर इंडेक्स इंस्टीट्यूशन रैंकिंग 2026 में प्राप्त यह उपलब्धि पंजाब केंद्रीय विश्वविद्यालय को देश के अग्रणी शोध-केंद्रित विश्वविद्यालयों में और अधिक सशक्त बनाती है तथा उच्च प्रभाव वाले अनुसंधान के माध्यम से वैज्ञानिक प्रगति एवं राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की विश्वविद्यालय की प्रतिबद्धता को पुनः स्थापित करती है।





