सतत विकास के प्रति प्रतिबद्धता को मिली वैश्विक पहचान, क्यूएस सस्टेनेबिलिटी रैंकिंग 2027 में पहली बार शामिल हुआ बीबीएयू

  • whatsapp
  • Telegram
सतत विकास के प्रति प्रतिबद्धता को मिली वैश्विक पहचान, क्यूएस सस्टेनेबिलिटी रैंकिंग 2027 में पहली बार शामिल हुआ बीबीएयू
X


बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय, लखनऊ ने वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान मजबूत करते हुए पहली बार क्यूएस सस्टेनेबिलिटी रैंकिंग सूची 2027 में स्थान प्राप्त किया है। सीसीएसयू ने क्यूएस सस्टेनेबिलिटी रैंकिंग 2027 में 40.0 का समग्र स्कोर प्राप्त करते हुए वैश्विक स्तर पर 1501+ रैंक बैंड में स्थान हासिल किया है। यह सूची विश्वविद्यालयों के सामाजिक प्रभाव, पर्यावरणीय प्रभाव और प्रशासनिक व्यवस्था से संबंधित विभिन्न मानकों पर उनके प्रदर्शन का आकलन करती है। रैंकिंग से संबंधित टीम का नेतृत्व प्रो. कुशेन्द्र मिश्रा एवं आईक्यूएसी निदेशक प्रो. शिल्पी वर्मा द्वारा किया गया।

रैंकिंग की तीन प्रमुख श्रेणियों - सामाजिक प्रभाव, पर्यावरणीय प्रभाव और शासन व्यवस्था में विश्वविद्यालय ने क्रमशः 37.0, 37.6 और 68.8 का स्कोर प्राप्त किया है। इसके अतिरिक्त, विभिन्न संकेतकों में विश्वविद्यालय का प्रदर्शन भी उल्लेखनीय रहा है। इनमें पर्यावरण अनुसंधान में 67.6, स्वास्थ्य एवं कल्याण में 64.6, ज्ञान का आदान-प्रदान (Knowledge Exchange) में 40.0 तथा समानता में 35.7 का स्कोर शामिल है।

विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. आर. के. मित्तल ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि सतत विकास आज उच्च शिक्षा संस्थानों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। विश्वविद्यालय का उद्देश्य केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और शोध प्रदान करना ही नहीं, बल्कि समाज, पर्यावरण और मानव कल्याण के प्रति संवेदनशील एवं जिम्मेदार नागरिकों का निर्माण करना भी है। क्यूएस स्थिरता सूची 2027 में विश्वविद्यालय की सहभागिता इस दिशा में किए जा रहे प्रयासों को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय भविष्य में पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक समावेशिता, शोध, नवाचार और संस्थागत उत्कृष्टता के क्षेत्रों में अपने प्रयासों को और सुदृढ़ करेगा तथा सतत विकास के लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने इस उपलब्धि के लिए विश्वविद्यालय के सभी संकाय सदस्यों, गैर-शिक्षण कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों को भी हार्दिक बधाई दी और कहा कि यह सफलता विश्वविद्यालय के प्रत्येक सदस्य के सामूहिक प्रयास, समर्पण एवं प्रतिबद्धता का परिणाम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विश्वविद्यालय शिक्षा, अनुसंधान एवं नवाचार के माध्यम से सतत विकास लक्ष्यों को बढ़ावा देने तथा समाज के समग्र विकास में अपना महत्वपूर्ण योगदान देने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगा।

प्रो. कुशेंद्र मिश्रा और प्रो. शिल्पी वर्मा का मानना है कि क्यूएस सस्टेनेबिलिटी रैंकिंग 2027 में विश्वविद्यालय का यह प्रदर्शन सतत विकास, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुसंधान, संस्थागत सुशासन, पर्यावरण संरक्षण तथा सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। विश्वविद्यालय शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार के माध्यम से सतत विकास लक्ष्यों को बढ़ावा देने तथा समाज के समग्र विकास में योगदान देने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

क्यूएस स्थिरता सूची में विश्वविद्यालय की सहभागिता सतत विकास, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक उत्तरदायित्व और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विश्वविद्यालय के प्रयासों को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर प्रदान करती है। यह उपलब्धि विश्वविद्यालय के वर्तमान प्रदर्शन का आकलन करने के साथ-साथ भविष्य में विभिन्न क्षेत्रों में सुधार की संभावनाओं को पहचानने का आधार भी है। विश्वविद्यालय शिक्षा, शोध, सामाजिक सहभागिता तथा पर्यावरणीय चेतना को प्रोत्साहित करने की दिशा में निरंतर प्रयासरत है।

Next Story
Share it