जनगणना-2027 में जनभागीदारी बढ़ाने की भाषा विश्वविद्यालय की पहल, कुलपति प्रो. अजय तनेजा ने स्वयं की स्व-गणना
*लखनऊ, 21 नवंबर 2026।* जनगणना-2027 के महत्व को देखते हुए नागरिकों को स्व-गणना (Self Enumeration) के प्रति जागरूक एवं प्रेरित करने के उद्देश्य से...

*लखनऊ, 21 नवंबर 2026।* जनगणना-2027 के महत्व को देखते हुए नागरिकों को स्व-गणना (Self Enumeration) के प्रति जागरूक एवं प्रेरित करने के उद्देश्य से...
*लखनऊ, 21 नवंबर 2026।* जनगणना-2027 के महत्व को देखते हुए नागरिकों को स्व-गणना (Self Enumeration) के प्रति जागरूक एवं प्रेरित करने के उद्देश्य से ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय, लखनऊ द्वारा विशेष पहल की गई। इस क्रम में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अजय तनेजा ने सर्वप्रथम स्वयं स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी कर इस अभियान की शुरुआत की। उन्होंने विश्वविद्यालय के सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों से भी स्व-गणना करने की अपील की। साथ ही विद्यार्थियों को अपने अभिभावकों एवं परिवार के अन्य सदस्यों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संदेश दिया।
इसी क्रम में 21 नवंबर को विश्वविद्यालय के अर्थशास्त्र एवं भूगोल विभाग में जनगणना-2027 के संदर्भ में विद्यार्थियों को स्व-गणना के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को बताया गया कि स्व-गणना के माध्यम से नागरिक स्वयं ऑनलाइन जनगणना संबंधी निर्धारित जानकारी दर्ज कर सकते हैं। प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्राप्त संदर्भ संख्या अथवा पहचान संबंधी विवरण को सुरक्षित रखा जा सकता है, जिसे जनगणना कर्मियों के घर पहुंचने पर दिखाया जा सकता है।
इस अवसर पर कुलपति प्रो. अजय तनेजा ने कहा कि जनगणना केवल जनसंख्या की गणना करने की प्रक्रिया नहीं, बल्कि देश के भविष्य की विकास योजनाओं और नीतियों का आधार है। जनगणना से प्राप्त आंकड़े शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, आधारभूत सुविधाओं और सामाजिक विकास से जुड़ी योजनाओं के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक की सहभागिता इस राष्ट्रीय अभियान की सफलता के लिए आवश्यक है। स्व-गणना की सुविधा नागरिकों को स्वयं अपनी जानकारी दर्ज करने का अवसर प्रदान करती है। इसलिए विश्वविद्यालय के प्रत्येक शिक्षक, कर्मचारी और विद्यार्थी को इस पहल में सक्रिय भागीदारी करनी चाहिए तथा अपने परिवार एवं समाज के लोगों को भी इसके लिए जागरूक करना चाहिए।
कार्यक्रम में जनगणना से संबंधित जानकारी एवं प्रक्रिया के संबंध में नगर निगम लखनऊ से आए कर्मचारियों ने भी उपस्थित लोगों को जागरूक किया। इस अवसर पर नोडल अधिकारी डॉ. उधम सिंह शाह, नोडल अधिकारी डॉ. विपिन कुमार सिंह एवं संयोजक मुनव्वर हुसैन सहित विश्वविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने जनगणना-2027 को सफल बनाने के लिए अधिक से अधिक लोगों से स्व-गणना की प्रक्रिया में भाग लेने और इस राष्ट्रीय अभियान को जनभागीदारी का स्वरूप देने की अपील की।





