विकसित भारत @2047 के लक्ष्य में अपशिष्ट पुनर्चक्रण एवं चक्रीय अर्थव्यवस्था की अहम भूमिका : बीबीएयू में कार्यशाला आयोजित

  • whatsapp
  • Telegram
विकसित भारत @2047 के लक्ष्य में अपशिष्ट पुनर्चक्रण एवं चक्रीय अर्थव्यवस्था की अहम भूमिका : बीबीएयू में कार्यशाला आयोजित
X


बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय में दिनांक 26 नवंबर को पर्यावरण विज्ञान विभाग की ओर से ‘विकसित भारत के लक्ष्य की प्राप्ति में अपशिष्ट पुनर्चक्रण एवं चक्रीय अर्थव्यवस्था की भूमिका (Waste Recycling & Circular Economy Towards Viksit Bharat) विषय पर द्विदिवसीय कार्यशाला का उद्घाटन हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय की कार्यवाहक कुलपति प्रो. सुनीता मिश्रा ने की।

मुख्य अतिथि के तौर पर सेंट्रल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिसिनल एंड एरोमेटिक प्लांट, लखनऊ के निदेशक डॉ. पी. के. त्रिवेदी मौजूद रहे। इसके अतिरिक्त मंच पर विशिष्ट अतिथि एवं आईआईटी गुवाहाटी के प्रो. अजय कलमधाड़, सेंटर फॉर इनोवेशन, इनक्यूबेशन एंड इन्टरप्रेन्योरशिप, बीबीएयू के अध्यक्ष प्रो. नवीन कुमार अरोड़ा, पृथ्वी एवं पर्यावरण विज्ञान विद्यापीठ के संकायाध्यक्ष प्रो. राजेश कुमार, पर्यावरण विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. वेंकटेश दत्ता एवं कार्यक्रम संयोजक डॉ. जीवन सिंह मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन एवं बाबासाहेब के छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करने के साथ हुई। विश्वविद्यालय कुलगीत गायन के पश्चात आयोजन समिति की ओर से अतिथियों को पौधा भेंट करके उनका स्वागत किया गया। सर्वप्रथम प्रो. नवीन कुमार अरोड़ा ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों का स्वागत किया। इसके पश्चात डॉ. जीवन सिंह ने सभी को कार्यक्रम के उद्देश्य एवं रुपरेखा से अवगत कराया।

विश्वविद्यालय की कार्यवाहक कुलपति प्रो. सुनीता मिश्रा ने वेस्ट रिसाइकिल एवं सर्कुलर इकोनॉमी की दिशा में आहार की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उत्पादित होने वाले प्रमुख अनाजों एवं स्थानीय खाद्य पदार्थों का उल्लेख करते हुए कहा कि पारंपरिक अनाज न केवल हमारी खाद्य संस्कृति एवं पोषण का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं, बल्कि इनके उत्पादन और प्रसंस्करण से निकलने वाले अवशेषों का भी उचित उपयोग किया जा सकता है। प्रो. मिश्रा ने स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कृषि संसाधनों के बेहतर प्रबंधन, खाद्य अपशिष्ट को कम करने तथा कृषि अवशेषों के पुनः उपयोग की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि स्थानीय खाद्य परंपराओं को प्रोत्साहित करने और संसाधनों के सतत उपयोग के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ किसानों एवं स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्रदान की जा सकती है।

मुख्य अतिथि एवं सीमैप, लखनऊ के निदेशक डॉ. पी. के. त्रिवेदी ने अपने संबोधन में एरोमा मिशन जैसी पहल पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पहल किसानों की आय बढ़ाने, सुगंधित एवं औषधीय पौधों की खेती को प्रोत्साहित करने तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने बताया कि एरोमा मिशन के अंतर्गत लेमनग्रास, खस, पामारोजा एवं अन्य सुगंधित पौधों की खेती को बढ़ावा देकर किसानों को वैकल्पिक आजीविका के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। साथ ही, इन पौधों से प्राप्त प्राकृतिक संसाधनों के प्रसंस्करण एवं उपयोग के माध्यम से अपशिष्ट को उपयोगी उत्पादों में परिवर्तित किया जा सकता है। प्रो. त्रिवेदी ने बताया कि संसाधनों का पुनः उपयोग, अपशिष्ट प्रबंधन और सतत उत्पादन की अवधारणा सर्कुलर इकोनॉमी का महत्वपूर्ण आधार है। इस प्रकार की पहलें पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ आत्मनिर्भरता और विकसित भारत @2047 के लक्ष्य को प्राप्त करने में भी सहायक सिद्ध हो सकती हैं।

विशिष्ट अतिथि एवं आईआईटी गुवाहाटी के प्रो. अजय कलमधाड़ ने पूर्वोत्तर भारत के विभिन्न क्षेत्रों की प्राकृतिक संपदा, जैव विविधता एवं पारंपरिक संसाधनों की महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पूर्वोत्तर क्षेत्र अपनी विशिष्ट भौगोलिक परिस्थितियों, समृद्ध वनस्पति एवं प्राकृतिक संसाधनों के कारण सतत विकास और सर्कुलर इकोनॉमी की अपार संभावनाएं रखता है। यहां उपलब्ध स्थानीय संसाधनों, कृषि उत्पादों एवं जैविक अपशिष्ट का वैज्ञानिक तरीके से उपयोग कर पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं उद्यमिता के नए अवसर विकसित किए जा सकते हैं। प्रो. कलमधाड़ ने विकसित भारत के लक्ष्य की प्राप्ति के लिए क्षेत्रीय संसाधनों के संरक्षण, उनके विवेकपूर्ण उपयोग और जनभागीदारी को आवश्यक बताया। अंत में उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए आयोजन समिति के सभी सदस्यों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

प्रो. नवीन कुमार अरोड़ा ने सर्कुलर इकोनॉमी के साथ-साथ सर्कुलर बायोइकोनॉमी के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण एवं उनका सतत उपयोग अत्यंत आवश्यक है। सर्कुलर बायोइकोनॉमी के माध्यम से कृषि अवशेषों, जैविक अपशिष्ट एवं अन्य जैव संसाधनों का पुनः उपयोग कर उन्हें उपयोगी उत्पादों एवं मूल्यवर्धित संसाधनों में परिवर्तित किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि यह अवधारणा न केवल अपशिष्ट प्रबंधन को प्रभावी बनाती है, बल्कि पर्यावरण प्रदूषण को कम करने, संसाधनों पर निर्भरता घटाने तथा हरित अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने में भी सहायक है।

प्रो. राजेश कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि अपशिष्ट को समस्या के बजाय एक उपयोगी संसाधन के रूप में देखने की आवश्यकता है। उन्होंने तकनीकी नवाचार, अनुसंधान एवं जनभागीदारी के माध्यम से अपशिष्ट प्रबंधन की प्रभावी व्यवस्था विकसित करने पर जोर दिया। प्रो. शिखा ने सर्कुलर इकोनॉमी के क्षेत्र में उद्यमिता (Entrepreneurship) को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में नवाचार एवं नए व्यावसायिक अवसरों के माध्यम से युवाओं को स्वरोजगार और स्टार्टअप स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित किया जा सकता है।

डॉ. जीवन सिंह ने विषय की प्रासंगिकता पर प्रकाश डालते हुए अपशिष्ट पुनर्चक्रण, संसाधनों के उचित प्रबंधन एवं पुनः उपयोग की आवश्यकता को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि सर्कुलर इकोनॉमी की अवधारणा को अपनाकर प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण करने के साथ ही सतत विकास के लक्ष्यों को प्राप्त करने में योगदान दिया जा सकता है।

इस अवसर पर मंचासीन अतिथियों द्वारा कार्यक्रम की पुस्तिका का विमोचन किया गया। अंत में आयोजन समिति की ओर से अतिथियों को स्मृति चिन्ह एवं शॉल भेंट करके उनके प्रति आभार व्यक्त किया गया। साथ ही डॉ. राजेश सिंह ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

समस्त कार्यक्रम के दौरान विभिन्न संकायों के संकायाध्यक्ष, विभागाध्यक्ष, शिक्षकगण, गैर शिक्षण कर्मचारी, शोधार्थी एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।

Next Story
Share it