इंजीनियर्स डे पर तकनीकी क्विज 3.0 में विद्यार्थियों ने दिखाई तकनीकी प्रतिभा
झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के जैव तकनीक संस्थान में आगामी 15 सितंबर को इंजीनियर्स डे के उपलक्ष्य में आयोजित तीन दिवसीय कार्यक्रम के अंतर्गत तकनीकी...

झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के जैव तकनीक संस्थान में आगामी 15 सितंबर को इंजीनियर्स डे के उपलक्ष्य में आयोजित तीन दिवसीय कार्यक्रम के अंतर्गत तकनीकी...
झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के जैव तकनीक संस्थान में आगामी 15 सितंबर को इंजीनियर्स डे के उपलक्ष्य में आयोजित तीन दिवसीय कार्यक्रम के अंतर्गत तकनीकी क्विज 3.0 प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता तीन चरणों में संपन्न हुई, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी तकनीकी दक्षता, नवाचार क्षमता, तार्किक सोच और समसामयिक तकनीकी ज्ञान का प्रदर्शन किया।
प्रतिवर्ष 15 सितंबर को मनाए जाने वाले इंजीनियर्स डे से पूर्व आयोजित इस कार्यक्रम की शुरुआत प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता से हुई। प्रतियोगिता के प्रथम चरण में कुल 60 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। इस चरण में ओएमआर आधारित बहुविकल्पीय प्रश्नों के माध्यम से विद्यार्थियों के तकनीकी ज्ञान और कौशल का मूल्यांकन किया गया। बेहतर प्रदर्शन करने वाले 20 विद्यार्थियों का चयन दूसरे चरण के लिए किया गया।
द्वितीय चरण में विद्यार्थियों के स्टार्टअप, इनोवेशन और विभिन्न तकनीकी अवधारणाओं से संबंधित ज्ञान एवं समझ को निर्णायक मंडल ने परखा। प्रतिभागियों ने तकनीक और नवाचार से जुड़े विविध विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए और प्रश्नों के उत्तर देकर अपनी विषयगत समझ का परिचय दिया।
प्रतियोगिता का तीसरा और अंतिम चरण रैपिड फायर राउंड के रूप में आयोजित किया गया। इसमें प्रतिभागियों से करंट अफेयर्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, जैव प्रौद्योगिकी, ऑटोमेशन, रोबोटिक्स तथा अन्य उभरती तकनीकों से संबंधित प्रश्न पूछे गए। विद्यार्थियों ने त्वरित उत्तर देते हुए अपनी तकनीकी समझ, आत्मविश्वास और निर्णय क्षमता का प्रभावी प्रदर्शन किया।
प्रतिभागियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन निर्णायक मंडल में शामिल डाॅ जितेंद्र वर्मा, डाॅ रश्मि जोशी और डाॅ हेमंत कुमार ने किया। तीनों चरणों के प्रदर्शन के आधार पर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान के लिए तीन विद्यार्थियों का चयन किया गया। चयनित विजेताओं को 15 सितंबर को इंजीनियर्स डे के अवसर पर आयोजित समारोह में पुरस्कृत किया जाएगा।
तीन दिवसीय आयोजन के कार्यक्रम संयोजक डाॅ ब्रजेन्द्र कश्यप और डाॅ महेन्द्र सिंह रहे, जबकि इंजीनियरिंग डे के संयोजक डाॅ अतुल मकड़ारिया हैं।
आयोजकों ने बताया कि इस प्रकार की प्रतियोगिताओं का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल पाठ्यक्रम तक सीमित न रखते हुए नई तकनीकों, नवाचार, स्टार्टअप संस्कृति और बदलते तकनीकी परिवेश से जोड़ना है। तकनीकी क्विज 3.0 ने विद्यार्थियों में तार्किक सोच, त्वरित निर्णय क्षमता, प्रतिस्पर्धात्मक भावना और नवाचार के प्रति रुचि को बढ़ावा देने का अवसर प्रदान किया।





