नशा मुक्ति अभियान के तहत भाषा विश्वविद्यालय में निकली 36 किलोमीटर लंबी साइकिल यात्रा
ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय, लखनऊ में माननीय कुलपति प्रो. अजय तनेजा के संरक्षण एवं मार्गदर्शन में संचालित नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत...

ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय, लखनऊ में माननीय कुलपति प्रो. अजय तनेजा के संरक्षण एवं मार्गदर्शन में संचालित नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत...
ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय, लखनऊ में माननीय कुलपति प्रो. अजय तनेजा के संरक्षण एवं मार्गदर्शन में संचालित नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत शनिवार को नशे के विरुद्ध जन-जागरूकता एवं स्वस्थ जीवनशैली का संदेश देने के उद्देश्य से 36 किलोमीटर लंबी साइकिल यात्रा का आयोजन किया गया।
कुलपति प्रो. अजय तनेजा ने हरी झंडी दिखाकर साइकिल यात्रा का शुभारंभ किया। विश्वविद्यालय परिसर से प्रारंभ हुई यह यात्रा ग्रीन कॉरिडोर होते हुए शहीद स्मारक तक पहुंची। लगभग 36 किलोमीटर की इस यात्रा में विश्वविद्यालय के शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए समाज को नशामुक्त बनाने तथा युवाओं को स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव श्री विकास विशेष रूप से उपस्थित रहे। साइकिल यात्रा के दौरान प्रतिभागियों ने “नशे को ना, जीवन को हाँ” जैसे नारों के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ नियमित शारीरिक गतिविधियों, खेल एवं योग को स्वस्थ जीवन का अभिन्न अंग बनाने का संदेश दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी पूंजी है और युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखकर ही स्वस्थ, सशक्त एवं विकसित समाज का निर्माण किया जा सकता है।
साइकिल यात्रा के आयोजन में फारसी विभाग के विषय प्रभारी डॉ. आरिफ अब्बास, सहायक आचार्य, शारीरिक शिक्षा विभाग के विभागाध्यक्ष मोहम्मद शारिक, डॉ. हसन मेहदी, सहायक आचार्य, श्री लाल यादव, कनिष्ठ लिपिक एवं सैफ हसनैन, शोधार्थी की महत्वपूर्ण भूमिका रही. कार्यक्रम में डॉ. कृष्ण मुकुंद, डॉ. लक्ष्मण, डॉ. रामदास एवं श्री इरफान सहित विश्वविद्यालय के शिक्षक, शोधार्थी एवं अन्य सदस्य उपस्थित रहे।





