सीएसजेएमयू के खेल मैदान में होगा आयोजन,42 विश्वविद्यालयों के 630 प्रतिभागी खो-खो में दिखाएगें दमखम
कानपुर। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) का शारीरिक शिक्षा विभाग राष्ट्रीय स्तर के एक बड़े खेल आयोजन की मेजबानी करने के लिए तैयार है।...
कानपुर। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) का शारीरिक शिक्षा विभाग राष्ट्रीय स्तर के एक बड़े खेल आयोजन की मेजबानी करने के लिए तैयार है।...
कानपुर। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) का शारीरिक शिक्षा विभाग राष्ट्रीय स्तर के एक बड़े खेल आयोजन की मेजबानी करने के लिए तैयार है। विश्वविद्यालय परिसर में छह अप्रैल से लेकर 10 अप्रैल तक उत्तर क्षेत्र अंतर विश्वविद्यालय खो-खो (पुरुष) प्रतियोगिता 2025-26 का भव्य आयोजन किया जा रहा है।
शनिवार को विश्वविद्यालय के सेंटर फॉर अकादमिक में आयोजित प्रेस वार्ता में कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने बताया कि विश्वविद्यालय का शारीरिक शिक्षा विभाग छह अप्रैल से लेकर 10 अप्रैल तक उत्तर क्षेत्र अंतर विश्वविद्यालय खो-खो (पुरुष) प्रतियोगिता का आयोजन करने जा रहा है । यह आयोजन विश्वविद्यालय के इतिहास का सबसे बड़ा खेल प्रतियोगिता का आयोजन है। उन्होंने बताया कि खेल आयोजन में देश के उत्तरी हिस्से के सात अलग-अलग राज्यों के खिलाड़ी अपना दमखम दिखाएंगे।
जिसमें मुख्य रूप से उत्तर प्रदेश, जम्मू एवं कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तराखंड एवं हिमाचल प्रदेश के प्रतिभावान खिलाड़ी शामिल हो रहे हैं। इन राज्यों के कुल 42 विश्वविद्यालयों की टीमें इस बहुप्रतीक्षित चैंपियनशिप में भाग ले रही हैं। कुल 630 प्रतिभागी मैदान में 'खो-खो' के दांव-पेंच आजमाते हुए नजर आएंगे । इस प्रतियोगिता का भव्य उद्घाटन समारोह 06 अप्रैल को सुबह दस बजे आयोजित किया जाएगा।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में सीएसजेएम विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो० विनय कुमार पाठक उपस्थित रहेंगे । खेल के पारदर्शी संचालन के लिए 27 अधिकारियों (ITO एवं NTO) की एक विशेष टीम नियुक्त की गई है, जिनकी देखरेख में सभी मैच खेले जाएंगे। प्रतियोगिता की उच्च स्तरीय निगरानी सुनिश्चित करने के लिए सीआरएस विश्वविद्यालय, जींद (हरियाणा) के खेल निदेशक डॉ० नरेश को पर्यवेक्षक (Observer) के रूप में नामित किया गया है। बाहर से आने वाले सभी खिलाड़ियों, कोच और खेल अधिकारियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा एआईयू (भारतीय विश्वविद्यालय संघ) के कड़े नियमों के अनुसार आवास एवं पौष्टिक भोजन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कर ली गई है।
मैचों का विस्तृत कार्यक्रम
आयोजन समिति द्वारा प्रतियोगिता के कार्यक्रम को सुव्यवस्थित तरीके से तैयार किया गया है। सभी प्रतिभागी टीमों का आगमन एक दिन पहले पांच अप्रैल को सुबह 9:00 बजे से ही शुरू हो जाएगा।उसी दिन सुबह 10:00 बजे से टीमों का आधिकारिक पंजीकरण होगा और शाम 4:00 बजे सभी टीमों के कोच तथा मैनेजरों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी जिसमें नियमों पर चर्चा होगी।मैचों की रूपरेखा को नॉकआउट और लीग चरणों में रणनीतिक रूप से बांटा गया है। नॉकआउट मैच 06 से 08 अप्रैल 2026 तक खेले जाएंगे, जहां हर हार टीम को टूर्नामेंट से बाहर कर देगी। टूर्नामेंट के पहले दिन, 6 अप्रैल को पूल ए, बी, सी और डी के कई रोमांचक शुरुआती मुकाबले होंगे। उदाहरण के तौर पर, सेंट्रल संस्कृत यूनिवर्सिटी का सामना जम्मू यूनिवर्सिटी से होगा, जबकि लखनऊ यूनिवर्सिटी का कड़ा मुकाबला सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ हरियाणा से देखने को मिलेगा। इसी तरह 7 अप्रैल को भी नॉकआउट का दौर जारी रहेगा जिसमें महर्षि दयानंद यूनिवर्सिटी का मुकाबला बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी से (पूल बी) और एनएसयूटी दिल्ली का सामना मैच 6 के विजेता से (पूल डी) होगा।
क्वार्टर फाइनल से फाइनल तक का सफर
8 अप्रैल को अंतिम 16 टीमों के बीच कड़े मुकाबले होंगे और उसी दिन मैच नंबर 23 से लेकर 30 तक सभी क्वार्टर फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे, जो यह तय करेंगे कि कौन सी टीमें अंतिम चार में अपनी जगह पक्की करेंगी। इसके अगले दिन 9 अप्रैल को सेमीफाइनल मुकाबले (मैच 31 से 34) खेले जाएंगे। फाइनल स्टेज के मैचों में एक विशेष प्रारूप देखने को मिलेगा, जहां विजेता टीमों का सामना पहले से निर्धारित (सीडेड) मजबूत टीमों से होगा।
इन टीमों में लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (पंजाब), यूनिवर्सिटी ऑफ दिल्ली, जीएनडी यूनिवर्सिटी (अमृतसर) और मेज़बान सीएसजेएम यूनिवर्सिटी (कानपुर) शामिल हैं। 9 और 10 अप्रैल 2026 को सबसे महत्वपूर्ण लीग तथा फाइनल मैच खेले जाएंगे। इन दो दिनों में पूल ए, बी, सी और डी के विजेताओं के बीच राउंड-रॉबिन आधार पर (जैसे पूल ए बनाम पूल बी, पूल सी बनाम पूल डी आदि) कड़े मुकाबले होंगे ताकि उत्तर क्षेत्र का अंतिम चैंपियन तय किया जा सके। पांच दिनों तक चलने वाले इस खेल महाकुंभ का भव्य समापन 10 अप्रैल को होगा, जहां समापन समारोह के दौरान विजेता टीमों और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरण कर सम्मानित किया जाएगा।





