मिशन शक्ति 5.0 के तहत भाषा विश्वविद्यालय के एनसीसी कैडेट्स ने चलाया यातायात जागरूकता अभियान

  • whatsapp
  • Telegram
मिशन शक्ति 5.0 के तहत भाषा विश्वविद्यालय के एनसीसी कैडेट्स ने चलाया यातायात जागरूकता अभियान
X


ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय की एनसीसी इकाई द्वारा मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत 20 यूपी गर्ल्स बटालियन एनसीसी, लखनऊ के संबद्धता में विश्वविद्यालय परिसर के बाहर यातायात नियमों के प्रति जागरूकता अभियान कुलपति प्रो. अजय तनेजा के नेतृत्व में चलाया गया।

इस अवसर पर कुलपति प्रो. अजय तनेजा ने कहा कि यातायात नियमों का पालन प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है। छोटी-सी लापरवाही भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। उन्होंने कहा कि एनसीसी कैडेट्स द्वारा चलाया गया यह अभियान युवाओं में अनुशासन, सामाजिक जिम्मेदारी और जनसेवा की भावना विकसित करने के साथ-साथ नागरिकों को सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रमों को सामाजिक परिवर्तन की दिशा में आवश्यक बताया।

अभियान के दौरान एनसीसी कैडेट्स ने यातायात संचालन में सहयोग करते हुए आम नागरिकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। कैडेट्स ने दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट लगाने, यातायात संकेतों का पालन करने तथा निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने नागरिकों को यातायात नियमों का पालन करने और सड़क पर अपनी तथा दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का संदेश भी दिया।मिशन शक्ति 5.0 कार्यक्रम अभियान का संचालन एनसीसी की एसोसिएट एनसीसी ऑफिसर (ANO) लेफ्टिनेंट डॉ. बुशरा अलवेरा के मार्गदर्शन में किया गया।

Next Story
Share it