बीबीएयू में 77वें संविधान दिवस पर विविध कार्यक्रमों का आयोजन, एआई और संवैधानिक न्याय-निर्णयन पर हुआ मंथन

  • whatsapp
  • Telegram
बीबीएयू में 77वें संविधान दिवस पर विविध कार्यक्रमों का आयोजन, एआई और संवैधानिक न्याय-निर्णयन पर हुआ मंथन
X


बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय के विधि विभाग द्वारा दिनांक 26 नवंबर को 77वें संविधान दिवस के उपलक्ष्य में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। यह कार्यक्रम विश्वविद्यालय कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल के संरक्षण एवं विधि विभाग की विभागाध्यक्ष प्रो. सूफिया अहमद एवं कार्यक्रम संयोजक प्रो. सुदर्शन वर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित हुये।

विधि विभाग एवं स्थायी आयोजन समिति के संयुक्त तत्वावधान में संविधान दिवस के उपलक्ष्य में एक जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली के माध्यम से विद्यार्थियों एवं उपस्थित लोगों को भारतीय संविधान में निहित मौलिक अधिकारों एवं मौलिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान सभी प्रतिभागियों ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया तथा संविधान में उल्लिखित आदर्शों, मूल्यों एवं सिद्धांतों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

77वें संविधान दिवस के अवसर पर एक ऑनलाइन व्याख्यान का आयोजन किया। जिसमें मुख्य अतिथि एवं वक्ता के तौर पर हिमाचल प्रदेश राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय, शिमला की कुलपति प्रो. प्रीति सक्सेना मौजूद रहीं। इसके अतिरिक्त विधि अध्ययन विद्यापीठ के संकायाध्यक्ष प्रो. संजीव कुमार चढ्ढा उपस्थित रहे।

प्रो. प्रीति सक्सेना ने संवैधानिक न्याय-निर्णयन में पाठवाद, प्रयोजनवाद और कृत्रिम बुद्धिमत्ता विषय पर मुख्य व्याख्यान दिया। उन्होंने संविधान को राज्य और नागरिकों के बीच एक अनुबंध बताया और कहा कि इसकी सफलता इस पर निर्भर करती है कि न्यायाधीश इसकी व्याख्या कैसे करते हैं। एआई पर उन्होंने प्रश्न उठाया कि क्या कोई कोड "रोबोट न्यायाधीश" नैतिकता, पीड़ा और असमानता को समझ सकता है। प्रो. प्रीति सक्सेना ने बताया कि एआई निर्णयों में एकरूपता और गति लाता है, परंतु इसके साथ एल्गोरिदमिक पूर्वाग्रह और भ्रामक परिणाम (हेलुसिनेशन) भी आते हैं। संवैधानिक व्याख्या में नई राहें खोलने के लिए मानवीय दृष्टि आवश्यक है। उन्होंने निष्कर्ष में कहा कि असली प्रश्न एआई बनाम एआई रहित व्यवस्था का नहीं, बल्कि इसके जिम्मेदार उपयोग का है।

इसके अतिरिक्त आयोजन समिति की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। समस्त कार्यक्रम के दौरान विभिन्न संकायों के संकायाध्यक्ष, विभागाध्यक्ष, शिक्षकगण, गैर शिक्षण कर्मचारी, शोधार्थी एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।

Next Story
Share it