द्वितीय बापू बाजार के प्रचार हेतु विश्वविद्यालय की टीम ने किया ग्रामीण भ्रमण ,9 अक्टूबर को परिसर में लगेगा मेला

  • whatsapp
  • Telegram
द्वितीय बापू बाजार के प्रचार हेतु विश्वविद्यालय की टीम ने किया ग्रामीण भ्रमण ,9 अक्टूबर को परिसर में लगेगा मेला
X


आजमगढ़, 07 अक्टूबर 2026 । महाराजा सुहेलदेव राज्य विश्वविद्यालय, आजमगढ़ द्वारा 9 अक्टूबर को आयोजित होने वाले ‘द्वितीय बापू बाजार’ के प्रचार-प्रसार के लिए विश्वविद्यालय की टीम ने बुधवार को आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों का भ्रमण किया।

राष्ट्रीय सेवा योजना और बापू बाजार आयोजन समिति के संयुक्त तत्वावधान में चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य महात्मा गांधी के स्वावलंबन, स्वदेशी और ग्राम स्वराज के विचारों को गांव-गांव तक पहुंचाना है। टीम ने ग्रामीणों से संवाद कर उन्हें स्वदेशी उत्पाद अपनाने और मेले में सहभागिता करने के लिए प्रेरित किया। स्वयंसेवकों ने घर-घर जाकर पोस्टर वितरित किए।

इस भ्रमण का नेतृत्व राष्ट्रीय सेवा योजना के समन्वयक डॉ. देवेंद्र कुमार पाण्डेय एवं बापू बाजार के समन्वयक प्रो. डॉ. हसीन खान ने किया। उनके साथ विश्वविद्यालय के शिक्षकगण और बड़ी संख्या में एनएस स्वयंसेवक शामिल रहे।

आयोजकों ने बताया कि ‘द्वितीय बापू बाजार’ का आयोजन 9 अक्टूबर 2026, शुक्रवार को विश्वविद्यालय परिसर में किया जाएगा। इस मेले की विशेषता यह होगी कि विश्वविद्यालय द्वारा एकत्रित दान की गई वस्तुएं जरूरतमंद ग्रामीणों को वितरित की जाएंगी। इससे सेवा और सहयोग के गांधीवादी मूल्य को बल मिलेगा।

कुलपति प्रो. संजीव कुमार ने कहा कि “बापू बाजार केवल एक मेला नहीं, बल्कि गांधी जी के ग्राम स्वराज की परिकल्पना को साकार करने का सार्थक प्रयास है।”

इस आयोजन को सफल बनाने के लिए विश्वविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी एवं स्वयंसेवक पूरी निष्ठा से जुटे हुए हैं।

Next Story
Share it