भाषा विश्वविद्यालय में NCC कैडेटों का रैंक अलंकरण समारोह संपन्न, कैडेटों को मिली नई जिम्मेदारी
ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय की NCC इकाई द्वारा कैडेटों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन एवं कर्तव्यनिष्ठा की भावना को प्रोत्साहित करने के...

ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय की NCC इकाई द्वारा कैडेटों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन एवं कर्तव्यनिष्ठा की भावना को प्रोत्साहित करने के...
ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय की NCC इकाई द्वारा कैडेटों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन एवं कर्तव्यनिष्ठा की भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से रैंक अलंकरण समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में विश्वविद्यालय के कुलसचिव श्री विकास, 20 UP गर्ल्स बटालियन NCC, लखनऊ के सूबेदार मेजर ट्रेनिंग श्री आर.बी. गुरूंग एवं श्री एम.के. गिरी तथा विश्वविद्यालय की ANO NCC डॉ. लेफ्टिनेंट बुशरा अलवेरा उपस्थित रहीं।
समारोह के दौरान कैडेटों की उपलब्धियों, अनुशासन एवं नेतृत्व क्षमता के आधार पर उन्हें विभिन्न रैंक प्रदान किए गए। तृतीय वर्ष की कैडेट प्रीति गौतम को सीनियर अंडर ऑफिसर (SUO), रौनक को अंडर ऑफिसर (UO), शमा बानो को कंपनी क्वार्टर मास्टर सार्जेंट (CQMS) तथा ममता और साक्षी मिश्रा को सार्जेंट (SGT) का रैंक प्रदान किया गया। वहीं, द्वितीय वर्ष की कैडेट अंजलि, रुचि, शिवानी भारती, सानिया मंसूरी, रोशनी, नैन्शी रावत एवं दीपाली को कॉर्पोरल (CPL) के रैंक से अलंकृत किया गया।
इस अवसर पर कुलसचिव श्री विकास ने सभी रैंक प्राप्त कैडेटों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि रैंक प्राप्त करना सम्मान के साथ-साथ नई जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का अवसर भी है। उन्होंने कैडेटों को अनुशासन और निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का पालन करने तथा विश्वविद्यालय का गौरव बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।सूबेदार मेजर ट्रेनिंग श्री आर.बी. गुरूंग ने NCC की यूनिफॉर्म के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यूनिफॉर्म केवल पहनावा नहीं, बल्कि अनुशासन, एकता, सम्मान और जिम्मेदारी का प्रतीक है। श्री एम.के. गिरी ने यूनिफॉर्म को “भरोसे का दूसरा नाम” बताते हुए कैडेटों से अपेक्षा की कि वे अपने आचरण एवं व्यवहार से इसकी गरिमा बनाए रखें और NCC की प्रतिष्ठा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएं।
विश्वविद्यालय की ANO NCC डॉ. लेफ्टिनेंट बुशरा अलवेरा ने सभी कैडेटों को बधाई देते हुए कहा कि रैंक प्राप्त करना नेतृत्व क्षमता और उत्तरदायित्व का परिचायक है। उन्होंने कैडेटों से अनुशासन, समर्पण और राष्ट्रसेवा की भावना के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने तथा अन्य कैडेटों के लिए प्रेरणास्रोत बनने का आह्वान किया। समारोह ने कैडेटों में उत्साह एवं आत्मविश्वास का संचार किया। यह आयोजन उन्हें नेतृत्व क्षमता विकसित करने, जिम्मेदार नागरिक बनने और राष्ट्रसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को और सुदृढ़ करने के लिए प्रेरित करने वाला रहा।





