युवाओं को स्टार्टअप और रोजगार के अवसरों से जोड़ने का मंच बना UPRISE-2026

  • whatsapp
  • Telegram
युवाओं को स्टार्टअप और रोजगार के अवसरों से जोड़ने का मंच बना UPRISE-2026
X


महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय में ‘संवाद, संकल्प और सफलता’ थीम पर हुआ आयोजन, श्यामा प्रसाद मुखर्जी फाउंडेशन के नेतृत्व में युवाओं को मिला नवाचार का मंच

आजमगढ़।महाराजा सुहेल देव विश्वविद्यालय, आजमगढ़ में युवाओं को नवाचार, उद्यमिता और रोजगार के नए अवसरों से जोड़ने के उद्देश्य से UPRISE-2026 का भव्य आयोजन किया गया। उत्तर प्रदेश सरकार एवं टाइम्स नेटवर्क की ओर से प्रस्तुत इस कार्यक्रम का आयोजन विश्वविद्यालय के श्यामा प्रसाद मुखर्जी इनोवेशन एंड इन्क्यूबेशन फाउंडेशन के तत्वावधान में फैसिलिटी सेंटर में हुआ।

कार्यक्रम का उद्घाटन महाराजा सुहेल देव विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. संजीव कुमार ने किया। अपने उद्घाटन वक्तव्य में उन्होंने कहा कि आज का युवा केवल डिग्री तक सीमित नहीं रह सकता, उसे अपने ज्ञान को नवाचार और उद्यमिता में बदलना होगा। उन्होंने कहा कि UPRISE जैसे मंच विद्यार्थियों को संवाद से संकल्प और संकल्प से सफलता तक पहुंचने का मार्ग दिखाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से नौकरी मांगने वाले नहीं, नौकरी देने वाले बनने का संकल्प लेने का आह्वान किया। कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय हर स्तर पर विद्यार्थियों के स्टार्टअप आइडिया को सहयोग देगा।

‘संवाद, संकल्प और सफलता’ की थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों को स्टार्टअप, स्वरोजगार, उद्योग जगत और करियर निर्माण की संभावनाओं से परिचित कराया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को केवल नौकरी तलाशने तक सीमित न रखकर उन्हें रोजगार सृजन और नवाचार के लिए प्रेरित करना है।

इस पूरे आयोजन की रीढ़ श्यामा प्रसाद मुखर्जी इनोवेशन एंड इन्क्यूबेशन फाउंडेशन रहा, जिसने विद्यार्थियों को आइडिया से लेकर फंडिंग तक का रास्ता दिखाया। फाउंडेशन की ओर से चार प्रमुख क्षेत्रों - स्टार्टअप फंडिंग, रोजगार एवं प्लेसमेंट, उद्योग जगत के विशेषज्ञों से मार्गदर्शन तथा आइडिएशन एवं पिचिंग एरिना पर विशेष जोर दिया गया। विद्यार्थियों को मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान (सीएम युवा योजना) के अंतर्गत पांच लाख रुपये तक के कोलेटरल-फ्री स्टार्टअप ऋण की जानकारी देने के साथ निवेशकों के समक्ष अपने व्यावसायिक विचार प्रस्तुत करने के अवसरों से अवगत कराया गया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में डायरेक्टर, श्यामा प्रसाद मुखर्जी इनोवेशन एंड इन्क्यूबेशन फाउंडेशन, डॉ. नरेंद्र सिंह सिसोदिया की विशेष भूमिका रही। उनके मार्गदर्शन में विद्यार्थियों को उद्योग जगत के विशेषज्ञों से सीधा संवाद, आइडिएशन एवं पिचिंग एरिना के माध्यम से अपने बिजनेस आइडिया प्रस्तुत करने और राज्यस्तरीय पहचान हासिल करने का अवसर मिला। डॉ. सिसोदिया ने युवाओं से कहा कि अच्छा आइडिया, सही मार्गदर्शन और निरंतर प्रयास ही सफल स्टार्टअप की कुंजी है।

निदेशक, श्यामा प्रसाद मुखर्जी इनोवेशन एंड इन्क्यूबेशन फाउंडेशन, डॉ. महेश कुमार श्रीवास्तव ने अपने संबोधन में कहा कि फाउंडेशन का उद्देश्य विद्यार्थियों के आइडिया को केवल कागजों तक सीमित न रखकर उसे जमीन पर उतारना है। उन्होंने कहा कि फाउंडेशन युवाओं को आइडिया चयन, बिजनेस मॉडल, पिचिंग, फंडिंग और मेंटरशिप - हर स्तर पर सहयोग देगा।

डॉ. श्रीवास्तव ने कहा कि आजमगढ़ और पूर्वांचल के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, जरूरत सिर्फ सही मंच, सही मार्गदर्शन और सही अवसर की है। श्यामा प्रसाद मुखर्जी फाउंडेशन इसी संकल्प के साथ काम कर रहा है कि विश्वविद्यालय का हर विद्यार्थी अपने स्टार्टअप का सपना साकार कर सके।

इस अवसर पर मंच पर रजिस्ट्रार श्री अमृत लाल, असिस्टेंट रजिस्ट्रार एवं निदेशक श्यामा प्रसाद मुखर्जी इनोवेशन एंड इन्क्यूबेशन फाउंडेशन डॉ. महेश कुमार श्रीवास्तव, डायरेक्टर डॉ. नरेंद्र सिंह सिसोदिया, नित्यानंद, चंदन कुमार तथा प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर डॉ. सचिन राय और संजय यादव उपस्थित रहे।

इस आयोजन में आजमगढ़ के विभिन्न महाविद्यालयों के विद्यार्थियों की सहभागिता रही। महाराजा सुहेल देव विश्वविद्यालय और श्यामा प्रसाद मुखर्जी फाउंडेशन का यह प्रयास युवाओं को शिक्षा के साथ कौशल, नवाचार, उद्यमिता और रोजगार के अवसरों से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है!

Next Story
Share it