KMCLU में विद्यार्थियों को बड़ी राहत: सेमेस्टर शुल्क और परीक्षा फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि 20 नवंबर तक बढ़ी

  • whatsapp
  • Telegram
KMCLU में विद्यार्थियों को बड़ी राहत: सेमेस्टर शुल्क और परीक्षा फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि 20 नवंबर तक बढ़ी
X



लखनऊ। ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय (KMCLU), लखनऊ ने सत्र 2026-27 के विद्यार्थियों को बड़ी राहत देते हुए विषम सेमेस्टर का शुल्क जमा करने और परीक्षा फॉर्म भरने की अंतिम तिथि बढ़ाकर 20 नवंबर 2026 कर दी है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्रहित को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया है। अब ऐसे विद्यार्थी, जो निर्धारित समय सीमा में अपना सेमेस्टर शुल्क जमा नहीं कर सके हैं अथवा परीक्षा फॉर्म नहीं भर पाए हैं, उन्हें विलंब शुल्क के साथ एक और अवसर दिया गया है।

विश्वविद्यालय की ओर से 13 नवंबर 2026 को जारी आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, सत्र 2026-27 के सेमेस्टर शुल्क जमा करने की प्रक्रिया 10 जुलाई 2026 से प्रारंभ की गई थी, जबकि विषम सेमेस्टर की परीक्षा के लिए ऑनलाइन फॉर्म भरने की प्रक्रिया 5 अक्टूबर 2026 से शुरू हुई थी। इससे पहले विश्वविद्यालय प्रशासन ने विभिन्न कार्यालयी आदेशों के माध्यम से शुल्क जमा करने और परीक्षा फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 5 नवंबर 2026 निर्धारित की थी। इसके बाद भी बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने निर्धारित समय में औपचारिकताएं पूरी नहीं कीं।

124 विद्यार्थियों ने नहीं जमा की फीस, 548 ने नहीं भरा परीक्षा फॉर्म

विश्वविद्यालय प्रशासन के संज्ञान में आया कि बार-बार सूचना दिए जाने के बावजूद अब तक 124 छात्र-छात्राओं ने अपना सेमेस्टर शुल्क जमा नहीं किया है, जबकि 548 विद्यार्थियों ने परीक्षा फॉर्म नहीं भरा है। विश्वविद्यालय ने इस स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि समय पर शुल्क जमा न करना और परीक्षा फॉर्म न भरना विद्यार्थियों के शैक्षणिक हितों को प्रभावित कर सकता है।

अब 20 नवंबर तक मिलेगा अंतिम अवसर, जानिए कितना देना होगा विलंब शुल्क

विद्यार्थियों की सुविधा और हितों को ध्यान में रखते हुए कुलपति के निर्देश पर अंतिम तिथि 20 नवंबर 2026 तक विस्तारित की गई है। इसके तहत विद्यार्थियों को निम्नलिखित व्यवस्था के अनुसार शुल्क जमा करने और परीक्षा फॉर्म भरने का अवसर दिया गया है—

* सेमेस्टर शुल्क: निर्धारित शुल्क के साथ 1,000 रुपये विलंब शुल्क देना होगा।

* परीक्षा फॉर्म: निर्धारित परीक्षा शुल्क के साथ 500 रुपये विलंब शुल्क देना होगा।

* अंतिम तिथि: 20 नवंबर 2026।

विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि जिन विद्यार्थियों ने अभी तक सेमेस्टर शुल्क जमा नहीं किया है अथवा परीक्षा फॉर्म नहीं भरा है, वे विस्तारित तिथि के भीतर अपनी सभी औपचारिकताएं अनिवार्य रूप से पूरी कर लें।

30 नवंबर से शुरू होंगी परीक्षाएं, 3 जनवरी तक परिणाम घोषित करने का लक्ष्य

विश्वविद्यालय की विज्ञप्ति में परीक्षा कार्यक्रम को लेकर भी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई है। विषम सेमेस्टर दिसंबर-2026 की परीक्षाएं 30 नवंबर 2026 से आयोजित किए जाने का निर्णय लिया गया है। साथ ही विश्वविद्यालय ने उत्तर प्रदेश शासन के उच्च शिक्षा विभाग को निर्धारित समय सीमा में परीक्षा परिणाम जारी करने के लिए प्रतिबद्धता व्यक्त की है। इसके अनुसार परीक्षा परिणाम 3 जनवरी 2027 तक घोषित किए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

विश्वविद्यालय की विद्यार्थियों से अपील

विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी संबंधित छात्र-छात्राओं से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना जल्द से जल्द अपना सेमेस्टर शुल्क जमा करें और परीक्षा फॉर्म की प्रक्रिया पूरी करें। विज्ञप्ति में स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि 20 नवंबर 2026 के बाद किसी भी छात्र-छात्रा का न तो सेमेस्टर शुल्क स्वीकार किया जाएगा और न ही परीक्षा फॉर्म भरने की अनुमति दी जाएगी।

विश्वविद्यालय प्रशासन के इस निर्णय से उन विद्यार्थियों को राहत मिलेगी, जो किसी कारणवश निर्धारित समय सीमा में अपनी शैक्षणिक औपचारिकताएं पूरी नहीं कर पाए थे। हालांकि, विद्यार्थियों के लिए यह जरूरी है कि वे इस अंतिम अवसर का लाभ उठाते हुए समय से सभी प्रक्रियाएं पूरी कर लें, ताकि आगामी परीक्षाओं में शामिल होने को लेकर किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

Next Story
Share it