टी.वी पत्रकार बनने के लिए विजुअल्स की बेहतर समझ जरूरी: अनूप पांडेय

  • whatsapp
  • Telegram
टी.वी पत्रकार बनने के लिए विजुअल्स की बेहतर समझ जरूरी: अनूप पांडेय
X

छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के एलुमनी अनूप पांडेय को विश्वविद्यालय के स्थापना दिवस पर सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह के उपरांत 2004 बैच के स्नातकोत्तर पत्रकारिता पाठ्यक्रम के पुरातन छात्र अनूप पांडेय ने पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग का भ्रमण कर अपने पुराने यादों को ताजा किया। उन्होंने विभाग के सभी छात्रों को संबोधित भी किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि अच्छा पत्रकार बनने के लिए आपको प्रतिदिन समाचार पत्र पढ़ने एवं नियमित रूप से लिखने की आदत डालनी होगी, इन सबके साथ अगर आपका लक्ष्य निर्धारित है कि पत्रकारिता ही करनी है तो निश्चित तौर पर आप बहुत बड़े पत्रकार बनेंगे ।

सफलता मिलने में कम या ज्यादा समय लग सकता है , लेकिन आपको अपने लक्ष्य से विचलित नही होना है । अच्छा टी.वी पत्रकार बनने के लिए आपको विजुअल्स की बेहतर समझ रखनी होगी, जिससे आपकी खबर दर्शकों पर सकारात्मक प्रभाव डाल पाये। आगे उन्होंने कहा कि टी वी पत्रकारिता में बहुत तेजी से काम करना होता है, निर्णय तुरंत लेना होता है। पत्रकारिता के छात्रों को हमेशा तकनीकी अपडेट रहना चाहिए, नए बदलावों की जानकारी ही आपको भीड़ से अलग करेगी। अगर आपको लगता है कि आपने अपनी खबर के माध्यम से जिम्मेदार लोगों से सवाल पूछा है तो यकीन मानिए आप एक अच्छे पत्रकार हैं।

मीडिया को जानकारी देते हुए पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ दिवाकर अवस्थी ने कहा की पूर्व छात्र किसी भी संस्था की वास्तविक पूंजी होते हैं। पूर्व छात्रों का अनुभव एवं नए पीढ़ी के छात्रों से संवाद भविष्य के अकादमिक सहयोग को मजबूत करेगा। विभाग के छात्र सिर्फ किताबी ज्ञान तक नहीँ बल्कि व्यवहारिक कार्यों में भी अग्रणी है।

कार्यक्रम का समन्वय सहायक प्राध्यापक डॉ हरिओम कुमार ने किया, इस अवसर पर विभाग के डॉ जितेंद्र डबराल, डॉ ओम शंकर गुप्ता, डॉ योगेंद्र कुमार पांडेय, डॉ रश्मि गौतम, सागर कनौजिया, प्रेम किशोर शुक्ला एवं विभाग के सभी विद्यार्थी उपस्थित रहें ।

Next Story
Share it