राज्य परिषद की बैठक में ‘रोवर्स रेंजर्स अनुभूति’ का गरिमामय लोकार्पण, युवा चेतना का सशक्त दस्तावेज बना विशेष अंक

  • whatsapp
  • Telegram
राज्य परिषद की बैठक में ‘रोवर्स रेंजर्स अनुभूति’ का गरिमामय लोकार्पण, युवा चेतना का सशक्त दस्तावेज बना विशेष अंक
X


लखनऊ, बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर केंद्रीय विश्वविद्यालय के भव्य सभागार में आयोजित भारत स्काउट्स एंड गाइड्स, उत्तर प्रदेश राज्य परिषद (स्टेट काउंसिल) की महत्वपूर्ण बैठक में ‘रोवर्स रेंजर्स अनुभूति’ पत्रिका के विशेष अंक का गरिमापूर्ण लोकार्पण एवं सम्मानपूर्वक मुख्य अतिथियों को भेंट किया गया। उल्लेखनीय है कि इस विशेषांक का संपादन डॉ. शफीउज्जमा ने महाराजा सुहेल देव विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. संजीव कुमार के मार्गदर्शन में किया है। प्रो. संजीव कुमार के शैक्षिक नेतृत्व, दूरदर्शी सोच और संरक्षण में तैयार यह प्रकाशन पूर्व में विश्वविद्यालय के द्वितीय दीक्षांत समारोह में माननीया कुलाधिपति/राज्यपाल महोदया द्वारा विधिवत् विमोचित किया जा चुका है, जिससे इसकी प्रतिष्ठा और व्यापकता और अधिक सुदृढ़ हुई है।

बैठक के दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्य आयुक्त डॉ. प्रभात कुमार (सेवानिवृत्त आईएएस) तथा भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के अध्यक्ष एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री श्री महेंद्र सिंह को पत्रिका की प्रति औपचारिक रूप से ससम्मान भेंट की गई। इस अवसर पर राज्य स्तरीय पदाधिकारी, विभिन्न जनपदों से आए प्रतिनिधि, रोवर्स-रेंजर्स एवं अनेक विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे। सभागार में उपस्थित प्रतिनिधियों ने पत्रिका को संगठन की बौद्धिक उपलब्धि, वैचारिक परिपक्वता और युवा ऊर्जा का सजीव प्रतिबिंब बताया।

अपने उद्बोधन में डॉ. प्रभात कुमार ने स्काउट-गाइड आंदोलन की मूल भावना—सेवा, अनुशासन और समर्पण—को रेखांकित करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रकाशन संगठन की विचार-परंपरा को न केवल संरक्षित करते हैं, बल्कि उसे नई दिशा भी प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि रोवर्स और रेंजर्स की सक्रिय भागीदारी सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को सुदृढ़ करती है तथा युवाओं को राष्ट्रनिर्माण के पथ पर अग्रसर होने की प्रेरणा देती है।

भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के अध्यक्ष श्री महेंद्र सिंह ने पत्रिका की विषयवस्तु, संपादकीय दृष्टि, शोधपरकता और सुसंगठित प्रस्तुति की सराहना करते हुए इसे संगठन की बौद्धिक धरोहर बताया। उन्होंने कहा कि यह विशेष अंक गुणवत्ता, गंभीरता और उद्देश्यपरकता की दृष्टि से उत्कृष्ट है तथा भविष्य की पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत सिद्ध होगा।

बैठक में संगठन की आगामी कार्ययोजनाओं, प्रशिक्षण कार्यक्रमों, सामुदायिक सेवा अभियानों तथा युवाओं में नेतृत्व क्षमता के विकास से जुड़े विषयों पर व्यापक और सारगर्भित विचार-विमर्श हुआ। प्रतिनिधियों ने संगठनात्मक विस्तार, डिजिटल माध्यमों के प्रभावी उपयोग, पर्यावरण संरक्षण अभियानों तथा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में सेवा गतिविधियों को और अधिक सुदृढ़ करने पर बल दिया।

कार्यक्रम का समापन राष्ट्रहित, सामाजिक समर्पण और संगठनात्मक एकता के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ। ‘रोवर्स रेंजर्स अनुभूति’ का यह विशेष अंक न केवल संगठन की उपलब्धियों का प्रामाणिक दस्तावेज है, बल्कि युवा चेतना, नैतिक मूल्यों और सामाजिक प्रतिबद्धता की सशक्त एवं जीवंत अभिव्यक्ति भी है। राष्ट्रीय स्तर पर प्रकाशित होने योग्य यह अंक स्काउट-गाइड आंदोलन की प्रगतिशील धारा और उत्तर प्रदेश की युवा शक्ति के रचनात्मक उत्कर्ष का प्रभावी प्रतिरूप बनकर उभरा है।

Next Story
Share it