विज्ञान संकाय के विद्यार्थियों को प्रतिभा प्रदर्शन का सशक्त मंच मिलेगा : कुलपति
आजमगढ़। महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय के विज्ञान संकाय द्वारा 27 एवं 28 फरवरी को दो दिवसीय “विज्ञान मंथन–2026” का भव्य आयोजन किया जा रहा है।...

आजमगढ़। महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय के विज्ञान संकाय द्वारा 27 एवं 28 फरवरी को दो दिवसीय “विज्ञान मंथन–2026” का भव्य आयोजन किया जा रहा है।...
आजमगढ़। महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय के विज्ञान संकाय द्वारा 27 एवं 28 फरवरी को दो दिवसीय “विज्ञान मंथन–2026” का भव्य आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार एवं शोध के प्रति रुचि को प्रोत्साहित करना है। यह आयोजन विश्वविद्यालय परिसर सहित संबद्ध महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का व्यापक मंच प्रदान करेगा।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. संजीव कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। कुलपति ने आयोजन समिति की बैठक बुलाकर व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की और जहां भी कमियां पाई गईं, वहां आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि “विज्ञान मंथन–2026” विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जो नई शिक्षा नीति 2020 की भावना के अनुरूपt अकादमिक उत्कृष्टता और नवाचार को बढ़ावा देगा।
कुलपति ने कार्यक्रम की संयोजिका डॉ. प्रियंका सिंह एवं उनकी टीम को निर्देश दिया कि अधिक से अधिक महाविद्यालयों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए, ताकि सुदूर अंचलों के विद्यार्थियों को भी अपनी वैज्ञानिक प्रतिभा प्रस्तुत करने का अवसर मिल सके। उन्होंने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर देते हुए महाविद्यालयों के प्राध्यापकों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने को कहा। साथ ही समन्वय के लिए समिति के सदस्यों के संपर्क नंबर सार्वजनिक करने का सुझाव भी दिया, जिससे प्रतिभागियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
कार्यक्रम की संयोजिका डॉ. प्रियंका सिंह ने बताया कि कुलपति के मार्गदर्शन में पूरी टीम सतत रूप से तैयारियों में जुटी है। आवश्यकता अनुसार विश्वविद्यालय के कुलसचिव, परीक्षा नियंत्रक, वित्त अधिकारी, सहायक कुलसचिव एवं कर्मचारियों का सहयोग लिया जा रहा है।
कार्यक्रम की रूपरेखा के अनुसार क्विज प्रतियोगिता, विज्ञान मॉडल प्रदर्शनी, पोस्टर प्रतियोगिता, मौखिक एवं पावर-पॉइंट प्रस्तुति के साथ-साथ रचनात्मक गतिविधियों में रंगोली प्रतियोगिता और फूड फेस्ट का आयोजन किया जाएगा। इन विविध आयोजनों के माध्यम से विद्यार्थियों की बौद्धिक क्षमता, सृजनात्मकता और प्रस्तुतीकरण कौशल को निखारने का अवसर मिलेगा।
विज्ञान संकाय के अधिष्ठाता एवं आयोजन समिति ने बताया कि “विज्ञान मंथन–2026” विद्यार्थियों के लिए एक सशक्त मंच सिद्ध होगा। उन्होंने विश्वविद्यालय परिसर एवं संबद्ध महाविद्यालयों के सभी छात्र-छात्राओं से उत्साहपूर्वक सहभागिता की अपील की।
इस दो दिवसीय आयोजन को लेकर विश्वविद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल है और इसे अकादमिक गतिविधियों के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।





