भाषा विश्वविद्यालय की एनसीसी कैडेट ने गुलमर्ग में राष्ट्रीय बेसिक स्नोबोर्डिंग कैंप में लिया भाग

  • whatsapp
  • Telegram
भाषा विश्वविद्यालय की एनसीसी कैडेट ने गुलमर्ग में राष्ट्रीय बेसिक स्नोबोर्डिंग कैंप में लिया भाग
X


ख़्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय, लखनऊ की राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) की कैडेट ने जम्मू-कश्मीर के प्रसिद्ध पर्वतीय स्थल गुलमर्ग में आयोजित राष्ट्रीय स्तर के बेसिक स्नोबोर्डिंग कैंप (BSBC-08) में भाग लेकर विश्वविद्यालय का नाम गौरवान्वित किया। यह शिविर 24 फरवरी से 9 मार्च 2026 तक आयोजित किया गया, जिसका आयोजन जेआईएम एंड विंटर स्पोर्ट्स, जम्मू-कश्मीर द्वारा एनसीसी के तत्वावधान में किया गया।

इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय साहसिक प्रशिक्षण शिविर में देश के विभिन्न एनसीसी निदेशालयों के कैडेटों ने भाग लिया। इनमें मध्य प्रदेश निदेशालय, गुजरात निदेशालय तथा हरियाणा-चंडीगढ़-हिमाचल प्रदेश निदेशालय सहित कई राज्यों के कैडेट शामिल रहे। इस प्रकार यह शिविर देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए कैडेटों के लिए अनुभव साझा करने और साहसिक प्रशिक्षण प्राप्त करने का महत्वपूर्ण मंच बना।

उत्तर प्रदेश निदेशालय से इस कैंप के लिए कुल पाँच एनसीसी कैडेटों का चयन किया गया था। इनमें से कैडेट साक्षी मिश्रा, जो भाषा विश्वविद्यालय की द्वितीय वर्ष की छात्रा तथा 20 यूपी गर्ल्स बटालियन एनसीसी, लखनऊ की कैडेट हैं, ने सफलतापूर्वक इस शिविर में सहभागिता की।

शिविर के दौरान कैडेटों को स्नोबोर्डिंग तथा शीतकालीन साहसिक गतिविधियों का विशेष प्रशिक्षण दिया गया। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य कैडेटों में साहसिक भावना, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, टीमवर्क तथा प्रतिकूल मौसम में कार्य करने की क्षमता का विकास करना था।

राष्ट्रीय स्तर के इस प्रतिष्ठित शिविर में भागीदारी से विश्वविद्यालय को गौरव प्राप्त हुआ है तथा यह विश्वविद्यालय द्वारा एनसीसी कैडेटों के व्यक्तित्व विकास और साहसिक गतिविधियों को प्रोत्साहन देने की प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है।

कैडेटों को इस अवसर तक पहुँचाने में एएनओ लेफ्टिनेंट डॉ. बुशरा अलवेरा का विशेष मार्गदर्शन एवं प्रेरणा रही। विश्वविद्यालय प्के माननीय कुलपति महोदय, प्रो० अजय तनेजा ने कैडेट साक्षी मिश्रा को इस उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनका अनुभव अन्य एनसीसी कैडेटों को भी राष्ट्रीय स्तर की गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित करेगा।

Next Story
Share it