महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय में तीन दिवसीय ‘खेल उमंग’ का भव्य आगाज

  • whatsapp
  • Telegram
महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय में तीन दिवसीय ‘खेल उमंग’ का भव्य आगाज
X



आजमगढ़। महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय, आजमगढ़ में तीन दिवसीय खेल प्रतियोगिता ‘खेल उमंग’ का सोमवार को उत्साह और उमंग के बीच भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन उत्तर प्रदेश सरकार के खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। यह आयोजन विश्वविद्यालय की कुलाधिपति एवं प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की प्रेरणा तथा कुलपति प्रो. संजीव कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित किया जा रहा है। प्रतियोगिता का उद्देश्य विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए एक सशक्त मंच प्रदान करना तथा उनमें खेल भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को विकसित करना है।

कार्यक्रम की शुरुआत माननीय अतिथियों, विश्वविद्यालय प्रशासन के अधिकारियों तथा शिक्षकों के आगमन के साथ हुई। इसके पश्चात मंचासीन अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया। समारोह में सरस्वती वंदना, विश्वविद्यालय कुलगीत तथा गणेश वंदना की भावपूर्ण प्रस्तुति दी गई, जिसने पूरे वातावरण को उत्साह, ऊर्जा और सांस्कृतिक गरिमा से भर दिया।इस अवसर पर कुलपति प्रो. संजीव कुमार ने मुख्य अतिथि को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, शिक्षकगण, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे, जिससे विश्वविद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल दिखाई दिया।

कार्यक्रम के संयोजक प्रो. प्रशांत कुमार राय ने स्वागत भाषण देते हुए ‘खेल उमंग’ प्रतियोगिता के उद्देश्य और महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ खेल गतिविधियां विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का प्रयास है कि विद्यार्थियों को अकादमिक गतिविधियों के साथ-साथ खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों में भी अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिले।उन्होंने बताया कि तीन दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय से संबद्ध विभिन्न महाविद्यालयों और विभागों के छात्र-छात्राएं विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में भाग ले रहे हैं। इससे विद्यार्थियों के बीच आपसी सहयोग, अनुशासन और प्रतिस्पर्धा की भावना का विकास होगा तथा खेल संस्कृति को भी बढ़ावा मिलेगा।कार्यक्रम के दौरान डॉ. अभय द्वारा श्रीहनुमत स्तवन का भावपूर्ण पाठ किया गया, जिसे उपस्थित लोगों ने श्रद्धा और उत्साह के साथ सुना। इस प्रस्तुति ने कार्यक्रम में आध्यात्मिक और सांस्कृतिक वातावरण का संचार किया।

मुख्य अतिथि राज्य मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने अपने संबोधन में कहा कि खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं हैं, बल्कि यह व्यक्तित्व निर्माण का एक सशक्त साधन हैं। उन्होंने कहा कि खेलों के माध्यम से युवाओं में अनुशासन, टीम भावना, धैर्य और नेतृत्व क्षमता जैसे गुणों का विकास होता है।उन्होंने कहा कि आज के समय में युवाओं को पढ़ाई के साथ-साथ खेल गतिविधियों में भी सक्रिय रूप से भाग लेना चाहिए। खेल शरीर को स्वस्थ और मन को संतुलित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय स्तर पर आयोजित इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती हैं और उनमें आत्मविश्वास का संचार करती हैं।

राज्य मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। सरकार द्वारा खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, खेल अवसंरचना और प्रोत्साहन उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि यदि वे निरंतर अभ्यास, मेहनत और समर्पण के साथ आगे बढ़ें तो राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बना सकते हैं।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कुलपति प्रो. संजीव कुमार ने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों के समग्र विकास को सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि ‘खेल उमंग’ प्रतियोगिता विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और खेल भावना को विकसित करने का एक महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करती है।कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन का प्रयास है कि विद्यार्थियों को खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए आवश्यक संसाधन और सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रतियोगिता से अनेक प्रतिभाशाली खिलाड़ी सामने आएंगे और भविष्य में विश्वविद्यालय तथा प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।

कार्यक्रम में चंदेश्वर पीजी कॉलेज के अवकाश प्राप्त प्राध्यापक डॉ. रामाश्रय शर्मा एवं खेल अधिकारी डॉ. सिराज अहमद को मंत्री जी ने सम्मानित किया। तदोपरांत मंत्री जी द्वारा खिलाड़ियों का परिचय प्राप्त किया गया। शुरुआती खेलों में रस्साकशी यानी टग आँफ वार में विवि की टीम व माल्टारी पीजी कॉलेज की टीम में मुकाबला हुआ जिसमें माल्टारी 2-1 से विजयी रही।

कार्यक्रम के अंत में कुलसचिव डॉ. अंजनी कुमार मिश्र ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों, आयोजकों और उपस्थित जनसमूह के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।इसके पश्चात मुख्य अतिथि द्वारा ‘खेल उमंग’ प्रतियोगिता का औपचारिक उद्घाटन किया गया। मशाल प्रज्ज्वलन के साथ एनसीसी कैडेट और विश्वविद्यालय परिसर के रोवर्स-रेंजेर्स टीम ने अतिथियों को ग्रैंड सैल्यूट तथा आकर्षक मार्च-पास्ट प्रस्तुत करके खिलाड़ियों का हौसला बढाया , जिसे उपस्थित लोगों ने तालियों के साथ सराहा। सामूहिक राष्ट्रगान के साथ विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का विश्वविद्यालय परिसर के निर्धारित स्थलों पर विधिवत शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में सह-संयोजक प्रो. अमरजीत, प्रो. हरिलाल, प्रो.अर्पिता, प्रो.अभिमन्यु, प्रो.अरुण सिंह , प्रो.दिनेश तिवारी , डॉ. युगांत उपाध्याय, डॉ. पंकज सिंह, डॉ. शफीउज्जमा उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. वैशाली व डॉ. निधि ने संयुक्त रूप से किया।

तीन दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में एथलेटिक्स, कबड्डी, वॉलीबॉल, क्रिकेट, बैडमिंटन सहित कई खेलों में छात्र-छात्राएं अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। विश्वविद्यालय प्रशासन को उम्मीद है कि इस आयोजन से विद्यार्थियों में खेलों के प्रति रुचि और उत्साह बढ़ेगा तथा नई प्रतिभाओं को आगे आने का अवसर मिलेगा।

Next Story
Share it