उत्साह , अनुशासन और खेल भावना से सराबोर ‘खेल उमंग’ का भव्य समापन
आजमगढ़। महाराजा सुहेल देव विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित तीन दिवसीय ‘खेल उमंग’ कार्यक्रम का भव्य समापन उत्साह, अनुशासन और खेल भावना के अद्भुत संगम के...

आजमगढ़। महाराजा सुहेल देव विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित तीन दिवसीय ‘खेल उमंग’ कार्यक्रम का भव्य समापन उत्साह, अनुशासन और खेल भावना के अद्भुत संगम के...
आजमगढ़। महाराजा सुहेल देव विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित तीन दिवसीय ‘खेल उमंग’ कार्यक्रम का भव्य समापन उत्साह, अनुशासन और खेल भावना के अद्भुत संगम के साथ संपन्न हुआ। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. पूनम टंडन उपस्थित रहीं, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. संजीव कुमार ने की।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर पुष्पार्चन एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। सरस्वती वंदना और विश्वविद्यालय के कुलगीत की मनमोहक प्रस्तुति ने वातावरण को आध्यात्मिक और ऊर्जावान बना दिया।
मुख्य अतिथि प्रो. पूनम टंडन ने अपने संबोधन में विश्वविद्यालय के खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद यहां के छात्र-छात्राएं राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि पूर्वांचल की यह प्रतिभाएं भविष्य में ओलंपिक मंच तक पहुंचें।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कुलपति प्रो. संजीव कुमार ने कहा कि “खिलाड़ी अपनी भुजाओं से नहीं, बल्कि मन और मस्तिष्क से लड़ते हैं।” उन्होंने आयोजन समिति और प्रतिभागियों की अनुशासित एवं निष्पक्ष सहभागिता की सराहना करते हुए कहा कि खेल केवल मेडल जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य का आधार भी है। उन्होंने छात्रों से खेल संस्कृति को व्यापक स्तर पर बढ़ावा देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम संयोजक ने आयोजन की सफलता का श्रेय कुलपति, शारीरिक शिक्षा विभाग, निर्णायक मंडल, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं प्रतिभागियों को देते हुए कहा कि खिलाड़ियों ने हार-जीत से ऊपर उठकर खेल भावना का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया।
समापन समारोह में मेडल वितरण से पूर्व ललित कला संकाय की प्रथम वार्षिक कला प्रदर्शनी के विजेताओं को सम्मानित किया गया, जिसमें व्यवहारिक कला में सपना कुमारी, चित्रकला में खुशी यादव और मूर्तिकला में अरुण कुमार को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ।
इसके बाद मुख्य आकर्षण पुरस्कार वितरण समारोह—में डी.ए.वी. कॉलेज, आजमगढ़ ने 72 अंकों के साथ ओवरऑल चैंपियनशिप पर कब्जा जमाया।द्वितीय स्थान पर मेजबान विश्वविद्यालय, तृतीय स्थान पर मालटाड़ी पीजी कॉलेज और चतुर्थ स्थान पर डीसीएसके पीजी कॉलेज, मऊ रहा।
समारोह में विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. अंजनी कुमार मिश्र, परीक्षा नियंत्रक आनंद कुमार मौर्य सहित अनेक प्राध्यापक, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. वैशाली एवं डॉ. निधि ने किया।





