स्टार्टअप संस्कृति को नई उड़ान: सुविवि में मेगा ओरिएंटेशन प्रोग्राम, युवाओं को उद्यमिता की ओर प्रेरित करने की पहल
आजमगढ़। महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय, आजमगढ़ में युवाओं को आत्मनिर्भर और उद्यमशील बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए भव्य ओरिएंटेशन...

आजमगढ़। महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय, आजमगढ़ में युवाओं को आत्मनिर्भर और उद्यमशील बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए भव्य ओरिएंटेशन...
आजमगढ़। महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय, आजमगढ़ में युवाओं को आत्मनिर्भर और उद्यमशील बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए भव्य ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम विश्वविद्यालय की कुलाधिपति श्रीमती आनंदीबेन पटेल के निर्देश एवं कुलपति प्रो. संजीव कुमार के मार्गदर्शन में श्यामा प्रसाद मुखर्जी इन्नोवेशन एंड इन्क्यूबेशन फाउंडेशन के तत्वावधान में 24 मार्च 2026 को आयोजित होगा।
इस वृहद कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को स्टार्टअप और उद्यमिता के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है। विश्वविद्यालय से संबद्ध सभी राजकीय एवं अनुदानित महाविद्यालयों के प्राचार्य एवं उनके प्रतिनिधियों को इसमें सहभागिता के लिए आमंत्रित किया गया है।
विश्वविद्यालय के मीडिया प्रभारी ने जानकारी देते हुए बताया कि कुलपति प्रो. संजीव कुमार की प्रेरणा से इस फाउंडेशन का गठन किया गया है, जिसका लक्ष्य युवाओं को स्टार्टअप के लिए एक सशक्त मंच प्रदान करना है। कार्यक्रम विश्वविद्यालय परिसर स्थित न्यू फैसिलिटी सेंटर में अपराह्न 12:30 बजे से प्रारंभ होगा, जहां उद्योग विशेषज्ञों द्वारा छात्र-छात्राओं को व्यावहारिक मार्गदर्शन दिया जाएगा।
इस अवसर पर विभिन्न महाविद्यालयों के प्राचार्य एवं शिक्षक अपने-अपने संस्थानों के इच्छुक छात्र-छात्राओं के साथ कार्यक्रम में भाग लेंगे, जिससे उन्हें उद्यमिता के क्षेत्र में नवीन अवसरों की जानकारी प्राप्त हो सके।
कुलपति प्रो. संजीव कुमार ने कहा कि वर्तमान समय में उद्यमिता ही आत्मनिर्भर भारत की आधारशिला है। केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा स्टार्टअप इंडिया सहित कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ युवाओं तक पहुंचाना आवश्यक है। इसी उद्देश्य से विश्वविद्यालय में इस फाउंडेशन की स्थापना की गई है, ताकि छात्र-छात्राओं को नवाचार और स्वरोजगार के लिए एक उपयुक्त मंच मिल सके।
उन्होंने यह भी बताया कि इस फाउंडेशन के माध्यम से छात्रों को वित्तीय सहायता, ऋण योजनाओं और विशेष रूप से प्रधानमंत्री मुद्रा योजना जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की जाएगी, जिससे वे अपने स्टार्टअप के सपनों को साकार कर सकें।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी प्राचार्यों से अपील की है कि वे उद्यमशीलता में रुचि रखने वाले छात्र-छात्राओं को अधिक से अधिक संख्या में इस कार्यक्रम में सहभागिता के लिए प्रेरित करें, ताकि यह पहल युवाओं के भविष्य निर्माण में मील का पत्थर साबित हो सके।





