सीयू पंजाब में एनएबीएल मान्यता प्राप्त फूड टेस्टिंग लैब और नवनिर्मित ऑडिटोरियम का उद्घाटन
बठिंडा, 21 मई: पंजाब केंद्रीय विश्वविद्यालय (सीयू पंजाब), बठिंडा में गुरुवार को एनएबीएल मान्यता प्राप्त फूड टेस्टिंग लैब और 200-सीटर नवनिर्मित...

बठिंडा, 21 मई: पंजाब केंद्रीय विश्वविद्यालय (सीयू पंजाब), बठिंडा में गुरुवार को एनएबीएल मान्यता प्राप्त फूड टेस्टिंग लैब और 200-सीटर नवनिर्मित...
बठिंडा, 21 मई: पंजाब केंद्रीय विश्वविद्यालय (सीयू पंजाब), बठिंडा में गुरुवार को एनएबीएल मान्यता प्राप्त फूड टेस्टिंग लैब और 200-सीटर नवनिर्मित ऑडिटोरियम के उद्घाटन समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि श्रीमती हरसिमरत कौर बादल, माननीय सांसद, बठिंडा संसदीय क्षेत्र एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री, भारत सरकार, तथा कुलपति प्रो. राघवेंद्र प्रसाद तिवारी ने विश्वविद्यालय परिसर में विशिष्ट अतिथियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों और कर्मचारियों की उपस्थिति में इन सुविधाओं का उद्घाटन किया।
समारोह का शुभारम्भ वंदे मातरम्, विश्वविद्यालय कुलगीत गायन तथा पौधों को जल अर्पण के साथ हुआ। तत्पश्चात विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा पंजाब की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए।
अतिथियों का स्वागत करते हुए डीन छात्र कल्याण प्रो. संजीव ठाकुर ने विश्वविद्यालय द्वारा शैक्षणिक अधोसंरचना, नवाचार और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को सुदृढ़ करने के लिए किए जा रहे प्रयासों पर प्रकाश डाला। उन्होंने वर्ष 2018 में खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री रहते हुए सीयू पंजाब फूड टेस्टिंग लेबोरेटरी की स्थापना हेतु 5.05 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत करने के लिए श्रीमती हरसिमरत कौर बादल का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सुविधा मालवा क्षेत्र में खाद्य परीक्षण का प्रमुख केंद्र बनेगी।
अपने संबोधन में सांसद श्रीमती हरसिमरत कौर बादल ने विश्वविद्यालय को फूड टेस्टिंग लेबोरेटरी के लिए एनएबीएल मान्यता प्राप्त होने पर बधाई दी और वैज्ञानिक उत्कृष्टता तथा क्षेत्रीय विकास के प्रति विश्वविद्यालय की प्रतिबद्धता की सराहना की। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय में अत्याधुनिक परीक्षण सुविधाओं की स्थापना से किसानों, खाद्य प्रसंस्करण उद्योगों, उद्यमियों और शोधकर्ताओं को खाद्य एवं कृषि उत्पादों की वैज्ञानिक और विश्वसनीय गुणवत्ता जांच में सहायता मिलेगी। उन्होंने खाद्य उद्योग के तीव्र विस्तार के इस दौर में गुणवत्ता आश्वासन एवं खाद्य सुरक्षा के महत्व पर जोर देते हुए शिक्षा, नवाचार और अनुसंधान के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में विश्वविद्यालय के योगदान की सराहना की। श्रीमती बादल ने कहा कि पंजाब मुख्यतः कृषि प्रधान राज्य है, इसलिए यह प्रयोगशाला किसानों, खाद्य प्रसंस्करण उद्योगों और एग्री-बिजनेस संस्थानों को बठिंडा में ही खाद्य उत्पादों की जांच की सुविधा प्रदान करेगी। उन्होंने इस प्रयोगशाला के युवा वैज्ञानिकों को प्रयोगशाला के गुणवत्ता मानकों को और बेहतर बनाने तथा इसे पंजाब की अग्रणी फूड टेस्टिंग लैब के रूप में स्थापित करने के लिए प्रेरित किया।
श्रीमती हरसिमरत कौर बादल ने कहा कि सीयू पंजाब में पंजाब के समक्ष मौजूद प्रमुख चुनौतियों के समाधान में महत्वपूर्ण योगदान देने की अपार क्षमता है। उन्होंने देशभर और विदेशों से आए विद्यार्थियों के बीच पंजाबी संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए विश्वविद्यालय के प्रयासों की सराहना की। कृषि में नई तकनीकों के महत्व पर जोर देते हुए उन्होंने विश्वविद्यालय को किसानों के लाभ के लिए सस्ती आधुनिक खेती तकनीकों और कृषि व्यवसाय से जुड़े समाधान विकसित करने के लिए प्रेरित किया।





