महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय का राजकीय सम्प्रेक्षण गृह, मऊ में कैपेसिटी बिल्डिंग कार्यक्रम सम्पन्न

  • whatsapp
  • Telegram
महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय का राजकीय सम्प्रेक्षण गृह, मऊ में कैपेसिटी बिल्डिंग कार्यक्रम सम्पन्न
X


मऊ, 27 मार्च 2026 – महाराजा सुहेलदेव राज्य विश्वविद्यालय, आजमगढ़ के तत्वावधान में राजकीय सम्प्रेक्षण गृह, मऊ में एक दिवसीय कैपेसिटी बिल्डिंग कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलपति महोदय ने मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता कर बच्चों का उत्साहवर्धन किया।

इस दौरान सम्प्रेक्षण गृह के बच्चों ने विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों और प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया। डॉ. साक्षी एवं डॉ. हरेंद्र ने बच्चों की काउंसलिंग कर उन्हें सकारात्मक सोच और आत्मविश्वास के साथ जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

भाषण प्रतियोगिता का संचालन डॉ. विभा ने किया। कला प्रतियोगिता में डॉ. सत्यम, डॉ. प्रतिभा एवं डॉ. कुलदीप ने बच्चों की सृजनात्मक प्रतिभा को निखारते हुए उन्हें आत्म-अभिव्यक्ति के लिए प्रोत्साहित किया। बच्चों ने लगन और ऊर्जा के साथ अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

इस अवसर पर डॉ. सत्यम द्वारा विशेष रूप से तैयार की गई पत्रिका का विमोचन माननीय कुलपति महोदय के कर-कमलों द्वारा किया गया। उपस्थितजनों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे बच्चों की अभिव्यक्ति और रचनात्मक विकास का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।

समापन सत्र में माननीय कुलपति महोदय ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार देकर सम्मानित किया। पुरस्कार वितरण से बच्चों में विशेष उत्साह और आत्मविश्वास का संचार हुआ।

विश्वविद्यालय की ओर से बच्चों के समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए उन्हें अकादमिक पुस्तकें, प्रेरणादायी साहित्य तथा खेल सामग्री उपहार स्वरूप प्रदान की गईं। यह पहल बच्चों के बौद्धिक, नैतिक एवं शारीरिक विकास को प्रोत्साहित करने की दिशा में विश्वविद्यालय का एक सार्थक प्रयास है।

अपने संबोधन में माननीय कुलपति महोदय ने कहा, “अपने विचारों पर ध्यान दीजिए, क्योंकि विचार ही जीवन की दिशा तय करते हैं। हर बच्चे के भीतर असीम संभावनाएँ हैं। आवश्यकता केवल उन्हें सही दिशा, सकारात्मक माहौल और उपयुक्त अवसर देने की है।” उन्होंने कहा कि शिक्षा, संस्कार, खेल और सकारात्मक चिंतन से बच्चों को समाज की मुख्यधारा से जोड़कर उज्ज्वल भविष्य की ओर अग्रसर किया जा सकता है।कार्यक्रम के दौरान बच्चों की सक्रिय भागीदारी और सीखने की ललक ने सभी को प्रभावित किया।

यह आयोजन न केवल बच्चों के व्यक्तित्व विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम रहा, बल्कि महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय की सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्र निर्माण के प्रति प्रतिबद्धता का भी सशक्त उदाहरण प्रस्तुत करता है। कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. ऋतंभरा ने किया।

Next Story
Share it