भाषा विवि में हुआ विश्व जनसंख्या दिवस पर भाषण प्रतियोगिता का आयोजन

  • whatsapp
  • Telegram
भाषा विवि में हुआ विश्व जनसंख्या दिवस पर भाषण प्रतियोगिता का आयोजन
X


ख़्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय, लखनऊ के समाजशास्त्र विभाग द्वारा विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर “एक निष्पक्ष एवं आशापूर्ण विश्व में युवाओं को अपनी इच्छानुसार परिवार बनाने के लिए सशक्त बनाना” विषय पर भाषण प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन कुलपति प्रो. अजय तनेजा के संरक्षण में तथा सामाजिक विज्ञान संकाय की अधिष्ठाता एवं कार्यक्रम समन्वयक डॉ. पूनम चौधरी के निर्देशन में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में जनसंख्या से जुड़े समकालीन मुद्दों, परिवार नियोजन, लैंगिक समानता, प्रजनन स्वास्थ्य तथा सतत विकास के प्रति जागरूकता विकसित करना तथा उन्हें उत्तरदायी एवं संवेदनशील नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना था। प्रतियोगिता में इतिहास, भूगोल, समाजशास्त्र, हिन्दी, विधि अध्ययन, शिक्षा, गृह विज्ञान एवं प्राणी विज्ञान सहित विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने अपने प्रभावशाली एवं तार्किक वक्तव्यों के माध्यम से विषय के सामाजिक, आर्थिक एवं मानवीय पक्षों पर सारगर्भित विचार प्रस्तुत किए।

निर्णायक मंडल के निर्णय के अनुसार प्रीति ने प्रथम, शालिनी ने द्वितीय तथा प्रज्ञा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया तथा सभी प्रतिभागियों की उत्कृष्ट प्रस्तुति एवं सक्रिय सहभागिता की सराहना की गई।कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के शिक्षकगण उपस्थित रहे। समाजशास्त्र विभाग की डॉ. ज़िया जाफरी एवं डॉ. हैदर मेहदी ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम के अंत में डॉ. हैदर मेहदी ने सभी अतिथियों, शिक्षकगणों, प्रतिभागियों एवं उपस्थित विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Next Story
Share it