भाषा विश्वविद्यालय के कुलपति ने किया शैक्षणिक व्यवस्थाओं का औचक निरीक्षण

  • whatsapp
  • Telegram
भाषा विश्वविद्यालय के कुलपति ने किया शैक्षणिक व्यवस्थाओं का औचक निरीक्षण
X


ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय, लखनऊ के माननीय कुलपति प्रो. अजय तनेजा ने सोमवार को विश्वविद्यालय परिसर का औचक निरीक्षण कर शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं का विस्तृत अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न शैक्षणिक विभागों, कक्षाओं, प्रयोगशालाओं, पुस्तकालय, प्रशासनिक कार्यालयों तथा परिसर की अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों एवं विभागाध्यक्षों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की।

निरीक्षण के दौरान कुलपति ने विभागों में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों, आगामी सेमेस्टर की तैयारियों, विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं तथा कार्यालयों में संचालित प्रशासनिक कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि विश्वविद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षण, समयबद्ध शैक्षणिक गतिविधियों तथा छात्र-केंद्रित वातावरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।

प्रो. तनेजा ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के उद्देश्यों के अनुरूप गुणवत्तापरक शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार एवं कौशल विकास को बढ़ावा देना विश्वविद्यालय की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसके लिए सभी विभाग समयबद्ध कार्ययोजना के साथ शैक्षणिक गतिविधियों का संचालन सुनिश्चित करें तथा विद्यार्थियों को उत्कृष्ट शिक्षण-अधिगम वातावरण उपलब्ध कराएं। कुलपति ने परिसर की स्वच्छता, हरित वातावरण, अनुशासन तथा आधारभूत सुविधाओं के प्रभावी रखरखाव पर भी विशेष बल देते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय में नियमित रूप से औचक निरीक्षण किए जाएंगे, जिससे शैक्षणिक गुणवत्ता, प्रशासनिक दक्षता एवं परिसर की व्यवस्थाओं में निरंतर सुधार सुनिश्चित किया जा सके।

Next Story
Share it