सीएसजेएम विश्वविद्यालय में यातायात जागरूकता रैली का आयोजन, नागरिकों को सड़क सुरक्षा का दिया गया संदेश

  • whatsapp
  • Telegram
सीएसजेएम विश्वविद्यालय में यातायात जागरूकता रैली का आयोजन, नागरिकों को सड़क सुरक्षा का दिया गया संदेश
X


कानपुर। माननीय कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक के मार्गदर्शन में अटल बिहारी वाजपेयी स्कूल ऑफ लीगल स्टडीज़ की विधिक सहायता समिति एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई-2 के संयुक्त तत्वावधान में आज एक यातायात जागरूकता कार्यक्रम एवं जन-जागरूकता रैली का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया।

इस कार्यक्रम का उद्देश्य नागरिकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करना तथा यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित करना था। रैली के दौरान स्वयंसेवकों ने लोगों को हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, सुरक्षित वाहन संचालन तथा पैदल चलते समय सावधानियों के संबंध में जागरूक किया।

इस अवसर पर छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय के मुख्य कुलानुशासक डॉ. शशिकांत त्रिपाठी, मुख्य सुरक्षा प्रभारी डॉ0 अंकित त्रिवेदी, राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई-2 के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. राहुल तिवारी एवं अटल बिहारी वाजपेयी स्कूल ऑफ लीगल स्टडीज़ की निदेशक डॉ. स्मृति राय की गरिमामयी उपस्थिति रही।

रैली के दौरान स्वयंसेवकों एवं विधि छात्र छात्राओं ने बिना हेलमेट दोपहिया वाहन न चलाने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन के उपयोग से बचने का संदेश दिया। साथ ही पैदल चलने वाले नागरिकों से अपील की गई कि वे फुटपाथ का उपयोग करें तथा चलते समय मोबाइल फोन, ईयरफोन अथवा ईयरबड का प्रयोग न करें, जिससे सड़क दुर्घटनाओं की संभावना को कम किया जा सके।

स्वयंसेवकों एवं विधि छात्र छात्राओं ने नागरिकों को यह भी बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली अधिकांश गंभीर चोटों एवं मृत्यु का प्रमुख कारण हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग न करना है। उन्होंने लोगों से यातायात संकेतों, गति सीमा, ज़ेब्रा क्रॉसिंग तथा अन्य सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने का आग्रह किया। रैली के दौरान बिना हेलमेट वाहन चला रहे लोगों को रोककर उन्हें यातायात नियमों की जानकारी दी गई तथा भविष्य में नियमों का पालन करने हेतु प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में विधिक सहायता समिति की संकाय समन्वयक कौशिकी त्रिवेदी, डॉ0 नितेश चतुर्वेदी, ऋषि श्रीवास्तव, प्रभात कुमार मिश्रा की उपस्थिति रही। इस अवसर पर विधिक सहायता समिति की संकाय समन्वयक कौशिकी त्रिवेदी ने छात्र छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक एवं सामाजिक दायित्व है। उन्होंने युवाओं से स्वयं नियमों का पालन करने तथा समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।

इस अभियान में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई-2 एवं विधिक सहायता समिति के स्वयंसेवकों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। प्रमुख रूप से वैभव पाठक, रहमान वारसी, खुशी सिंह चंदेल, ऋषभ बाथम सहित विधिक सहायता समिति एवं एनएसएस के अनेक स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के समापन पर यह संदेश दिया गया कि सड़क सुरक्षा केवल नियमों का पालन नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा का संकल्प है। एक छोटा-सा सुरक्षा उपाय किसी परिवार की खुशियाँ बचा सकता है। आइए, स्वयं भी यातायात नियमों का पालन करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।


Next Story
Share it