योग से नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प: केएमसीएलयू में योगाभ्यास कार्यक्रम का शुभारंभ

  • whatsapp
  • Telegram
योग से नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प: केएमसीएलयू में योगाभ्यास कार्यक्रम का शुभारंभ
X


ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय, लखनऊ में “नशा मुक्ति अभियान” के अंतर्गत स्वस्थ, जागरूक एवं नशामुक्त समाज के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए शनिवार को चंद्रशेखर आज़ाद व्यायामशाला स्थित योग केन्द्र में आठ दिवसीय योगाभ्यास कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का आयोजन विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति प्रो. अजय तनेजा के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में शारीरिक शिक्षा विभाग द्वारा किया जा रहा है।

कार्यक्रम के उद्घाटन अवसर पर विश्वविद्यालय के शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए योग, प्राणायाम एवं ध्यान का सामूहिक अभ्यास किया। शारीरिक शिक्षा विभाग के विभागाध्यक्ष मोहम्मद शारिक के संयोजन में आयोजित इस कार्यक्रम का संचालन योग प्रशिक्षक एवं शारीरिक शिक्षा विभाग के सहायक आचार्य डॉ. हसन मेहदी ने किया। उन्होंने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासनों, श्वास-प्रश्वास तकनीकों तथा ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया तथा नियमित योगाभ्यास के वैज्ञानिक एवं व्यावहारिक लाभों से अवगत कराया।

इस अवसर पर कुलपति प्रो. अजय तनेजा ने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने के लिए योग सबसे प्रभावी माध्यमों में से एक है। उन्होंने कहा कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का अभ्यास नहीं, बल्कि मानसिक एकाग्रता, आत्मानुशासन, सकारात्मक सोच और संतुलित जीवनशैली का आधार है। यदि युवा वर्ग नियमित रूप से योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाए, तो वह न केवल स्वयं स्वस्थ रहेगा, बल्कि समाज को भी नशामुक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकेगा।

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को नशे के दुष्प्रभावों, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा योग को दैनिक जीवन में शामिल करने के लिए प्रेरित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि नशा मुक्ति केवल एक अभियान नहीं, बल्कि सामाजिक जागरूकता और व्यक्तिगत संकल्प का विषय है, जिसमें प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने बताया कि यह योगाभ्यास कार्यक्रम 01 अगस्त से 08 अगस्त 2026 तक प्रतिदिन प्रातः 11:00 बजे चंद्रशेखर आज़ाद व्यायामशाला स्थित योग केन्द्र में आयोजित किया जाएगा। विश्वविद्यालय के सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों से नियमित रूप से इसमें सहभागिता कर स्वस्थ एवं नशामुक्त परिसर के निर्माण में अपना योगदान देने का आह्वान किया गया।

Next Story
Share it