भाषा विवि में हुआ नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत योगाभ्यास कार्यक्रम का द्वितीय दिवस सम्पन्न

  • whatsapp
  • Telegram
भाषा विवि में हुआ नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत योगाभ्यास कार्यक्रम का द्वितीय दिवस सम्पन्न
X

ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय में कुलपति प्रो. अजय तनेजा के संरक्षण एवं मार्गदर्शन में संचालित “नशा मुक्ति अभियान” के अंतर्गत आयोजित योगाभ्यास कार्यक्रम का द्वितीय दिवस रविवार को चंद्रशेखर आज़ाद व्यायामशाला स्थित योग केन्द्र में उत्साहपूर्वक सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने बड़ी संख्या में सहभागिता करते हुए नियमित योगाभ्यास को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।

शारीरिक शिक्षा विभाग के विभागाध्यक्ष मोहम्मद शारिक के निर्देशन में आयोजित इस योग सत्र का संचालन डॉ. हसन मेहदी, सहायक आचार्य, शारीरिक शिक्षा विभाग ने किया। उन्होंने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम, ध्यान एवं श्वास संबंधी अभ्यास कराए तथा योग के वैज्ञानिक, मानसिक एवं शारीरिक लाभों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास न केवल शरीर को स्वस्थ एवं ऊर्जावान बनाता है, बल्कि मानसिक तनाव को कम कर आत्मसंयम, सकारात्मक सोच एवं आत्मविश्वास का भी विकास करता है।

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए बताया गया कि योग स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने का प्रभावी माध्यम है। वक्ताओं ने कहा कि योग व्यक्ति को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने की प्रेरणा देता है तथा समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इस अवसर पर विश्वविद्यालय परिवार से आह्वान किया गया कि वे स्वयं नशामुक्त जीवनशैली अपनाने के साथ-साथ अपने परिवार, मित्रों एवं समाज को भी नशामुक्त भारत के निर्माण के लिए जागरूक करें।उल्लेखनीय है कि “नशा मुक्ति अभियान” के अंतर्गत योगाभ्यास कार्यक्रम प्रतिदिन अपराह्न 11:00 बजे चंद्रशेखर आज़ाद व्यायामशाला स्थित योग केन्द्र में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें विश्वविद्यालय परिवार की निरंतर सक्रिय सहभागिता बनी हुई है।

Next Story
Share it