नशे से दूर रहकर युवा राष्ट्र निर्माण में निभाएं महत्वपूर्ण भूमिका : प्रो. संजीव कुमार

  • whatsapp
  • Telegram
नशे से दूर रहकर युवा राष्ट्र निर्माण में निभाएं महत्वपूर्ण भूमिका : प्रो. संजीव कुमार
X


आजमगढ़, महाराजा सुहेल देव विश्वविद्यालय (एमएसडीयू), आजमगढ़ में ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के अंतर्गत ‘नशा मुक्त युवा : विकसित भारत@2047’ विषय पर व्याख्यान एवं जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कुलपति प्रो. संजीव कुमार के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ, नशामुक्त और सशक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना रहा।

कुलपति प्रो. संजीव कुमार ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित नहीं करता, बल्कि पूरे परिवार और समाज पर इसका गंभीर प्रभाव पड़ता है। विश्वविद्यालय युवाओं को नशे से दूर रखने और उन्हें राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास करेगा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अभियान समिति के अध्यक्ष प्रो. अजीत प्रसाद राय ने कहा कि नशा युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा और भविष्य को प्रभावित करने वाली गंभीर सामाजिक चुनौती है। इसके विरुद्ध केवल प्रशासनिक स्तर पर ही नहीं, बल्कि परिवार, शैक्षणिक संस्थानों और समाज को मिलकर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाना होगा। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने और अपने आसपास के लोगों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।

प्रो. रजनीकांत पाण्डेय ने कहा कि युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के लिए शिक्षा के साथ खेल, सांस्कृतिक, साहित्यिक एवं रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि नशामुक्त युवा ही विकसित भारत के संकल्प को मजबूती प्रदान कर सकते हैं।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक चिराग जैन ने युवाओं को नशे के सामाजिक एवं कानूनी दुष्परिणामों के प्रति सचेत करते हुए कहा कि नशे की रोकथाम में समाज की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने तथा किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की सूचना जिम्मेदार अधिकारियों तक पहुंचाने की अपील की।

कार्यक्रम के अंत में कुलपति ने उपस्थित शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों को नशा न करने और समाज को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का संकल्प दिलाया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. मनीषा सिंह ने किया। इस अवसर पर डॉ. देवेंद्र पाण्डेय, डॉ. शशि प्रकाश शुक्ल, डॉ. परमानन्द पाण्डेय, डॉ. हरेंद्र सिंह प्रजापति, डॉ. सचिन राय, आदर्श मिश्रा, शांभवी तिवारी, सूर्य प्रकाश अग्रहरी सहित शिक्षक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Next Story
Share it