अन्तर्राष्ट्रीय युवा दिवस पर भाषा विश्वविद्यालय के छात्रों ने बिखेरी प्रतिभा, नाटक, गीत, नृत्य और भाषण से बांधा समां
लखनऊ, 12 अगस्त। ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय, लखनऊ के विद्यार्थियों ने डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू) में...

लखनऊ, 12 अगस्त। ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय, लखनऊ के विद्यार्थियों ने डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू) में...
लखनऊ, 12 अगस्त। ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय, लखनऊ के विद्यार्थियों ने डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू) में माननीय राज्यपाल एवं कुलाधिपति श्रीमती आनंदीबेन पटेल जी की प्रेरणा से आयोजित अन्तर्राष्ट्रीय युवा दिवस कार्यक्रम में शानदार प्रस्तुतियां देकर खूब वाहवाही बटोरी।
भाषा विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने ‘हालात अलग, हौसला एक’ नाटक के साथ-साथ नुक्कड़ नाटक, गीत, नृत्य एवं प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत किए। प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने युवाओं के सपनों, संघर्ष, चुनौतियों, सामाजिक जिम्मेदारियों और सकारात्मक सोच का प्रभावी संदेश दिया। देशभक्ति गीतों पर विद्यार्थियों की जोशीली प्रस्तुति ने कार्यक्रम में उत्साह भर दिया।
युवाओं को प्रतिभा के अनुरूप मंच उपलब्ध कराना जरूरी : प्रो. अजय तनेजा
भाषा विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अजय तनेजा ने कहा कि “माननीय कुलाधिपति श्रीमती आनंदीबेन पटेल जी की सदैव यह मंशा रही है कि विश्वविद्यालयों के विद्यार्थियों को उनकी प्रतिभा और क्षमता के अनुरूप मंच मिले, ताकि वे अपनी रचनात्मक ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देते हुए समाज और राष्ट्र के विकास में योगदान कर सकें।”
उन्होंने कहा कि “युवा केवल देश का भविष्य नहीं, बल्कि वर्तमान की सबसे बड़ी परिवर्तनकारी शक्ति हैं। विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में युवाओं की भूमिका निर्णायक होगी। इसलिए विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ नैतिक मूल्यों, सामाजिक जिम्मेदारी, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रहित की भावना से जोड़ना आवश्यक है।”
प्रो. तनेजा ने भाषा विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि नाटक, नुक्कड़ नाटक, गीत, नृत्य और भाषण जैसी गतिविधियां विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता, संवाद कौशल, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करती हैं।
कार्यक्रम में विभिन्न विश्वविद्यालयों के शिक्षक, अधिकारी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। भाषा विश्वविद्यालय के प्रतिभागी विद्यार्थियों को उनकी शानदार प्रस्तुतियों के लिए सम्मानित किया गया।





