फैकल्टी ऑफ साइंस में ओरिएंटेशन (दीक्षारंभ) कार्यक्रम का आयोजन

  • whatsapp
  • Telegram
फैकल्टी ऑफ साइंस में ओरिएंटेशन (दीक्षारंभ) कार्यक्रम का आयोजन
X


ख़्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय के विज्ञान संकाय द्वारा नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए दीक्षारम्भ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विश्वविद्यालय के कुलपति एवं संरक्षक प्रो. अजय तनेजा के संरक्षण तथा विज्ञान संकाय की डीन एवं विभागाध्यक्ष प्रो. तत्हीर फात्मा के निर्देशन में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय के शैक्षणिक वातावरण, उपलब्ध सुविधाओं, अनुशासन, पाठ्यक्रम संरचना, डिजिटल सेवाओं तथा भविष्य में उपलब्ध कैरियर अवसरों से परिचित कराना था।

कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. रत्नेश सिंह के स्वागत उद्बोधन से हुई। उन्होंने विद्यार्थियों का हार्दिक अभिनंदन करते हुए विश्वविद्यालय में उनके सफल एवं उज्ज्वल शैक्षणिक भविष्य की मंगलकामना की। इसके पश्चात माननीय कुलपति प्रो. अजय तनेजा ने विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय की विभिन्न सुविधाओं, शैक्षणिक संसाधनों एवं आगामी योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय द्वारा प्रदान किए जा रहे अवसरों का अधिकतम लाभ उठाने तथा शिक्षा के साथ-साथ व्यक्तित्व विकास पर भी ध्यान देने के लिए प्रेरित किया।

विज्ञान संकाय की संकायाध्यक्ष, प्रो. तत्हीर फात्मा ने विद्यार्थियों को विभिन्न कैरियर अवसरों के बारे में जानकारी प्रदान दी। उन्होंने उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं, रोजगार एवं कौशल विकास के विभिन्न विकल्पों पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को अपने भविष्य के लिए स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने हेतु प्रेरित किया। तत्पश्चात डॉ. नीरज शुक्ल ने प्रॉक्टोरियल कमेटी एवं विश्वविद्यालय अनुशासन के संबंध में विद्यार्थियों को महत्वपूर्ण जानकारी देते हुए उन्होंने विश्वविद्यालय के नियमों एवं विनियमों का पालन करने, अनुशासित व्यवहार बनाए रखने तथा एक सकारात्मक एवं सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण में योगदान देने पर बल दिया।

इसके उपरांत डॉ. रज़ा हैदरी ने विद्यार्थियों को DigiLocker एवं ABC ID के संबंध में जरुरी जानकारी प्रदान दी। उन्होंने डिजिटल दस्तावेजों के सुरक्षित उपयोग तथा शैक्षणिक क्रेडिट को डिजिटल रूप से सुरक्षित रखने में ABC ID की उपयोगिता पर प्रकाश डाला।

डॉ. दिलीप कुमार ने विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम संरचना के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने विभिन्न पाठ्यक्रमों, विषयों, क्रेडिट, सेमेस्टर प्रणाली तथा शैक्षणिक गतिविधियों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की, जिससे विद्यार्थियों को अपनी पढ़ाई की संरचना एवं आवश्यकताओं को समझने में सहायता मिली।

कार्यक्रम का संयुक्त आयोजन विज्ञान संकाय के विभिन्न विभागों द्वारा (जैव प्रौद्योगिकी, माइक्रोबायोलॉजी, होम साइंस, वनस्पति विज्ञान, जूलॉजी, केमिस्ट्री, एवं गणित विभाग) किया गया। इसमें स्नातक एवं परास्नातक प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम के समापन पर डॉ. शालिनी राय ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए माननीय कुलपति, सभी वक्ताओं, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों के प्रति कार्यक्रम को सफल बनाने में उनके सहयोग और सहभागिता के लिए हार्दिक आभार व्यक्त किया।

Next Story
Share it