विज्ञान संकाय में गूंजा गुरु-शिष्य सम्मान का संदेश, शिक्षक दिवस पर विद्यार्थियों ने बांधा समां
ख़्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय के विज्ञान संकाय में शिक्षक दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों ने शिक्षकों के सम्मान में भव्य समारोह आयोजित...

ख़्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय के विज्ञान संकाय में शिक्षक दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों ने शिक्षकों के सम्मान में भव्य समारोह आयोजित...
ख़्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय के विज्ञान संकाय में शिक्षक दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों ने शिक्षकों के सम्मान में भव्य समारोह आयोजित किया। भारत के महान शिक्षाविद् एवं पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में गुरु-शिष्य परंपरा की गरिमा और आत्मीयता देखने को मिली।कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद केक कटिंग कर शिक्षक दिवस की खुशियां साझा की गईं। छात्रा की मनमोहक एकल शास्त्रीय नृत्य प्रस्तुति ने कार्यक्रम में सांस्कृतिक रंग घोल दिया। प्रस्तुति पर शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने तालियों के साथ उत्साहवर्धन किया।
विज्ञान संकाय की डीन प्रो. तत्हीर फात्मा ने विद्यार्थियों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य केवल डिग्री हासिल करना नहीं, बल्कि एक बेहतर और जिम्मेदार इंसान बनना है। उन्होंने विद्यार्थियों से ज्ञान के साथ संस्कार, अनुशासन, संवेदनशीलता और नैतिक मूल्यों को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।समारोह में विज्ञान संकाय के विभिन्न विभागों के शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उन्हें निरंतर सीखने, मेहनत करने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया। जैव प्रौद्योगिकी विभाग से डॉ. दिलीप कुमार, डॉ. नलिनी धस्माना एवं डॉ. कमलेश कुमार सोनी, वनस्पति विज्ञान विभाग से डॉ. जाहिद, सूक्ष्मजीव विज्ञान विभाग से डॉ. वंदिता, डॉ. शालिनी राय एवं डॉ. शालिनी सिंह, प्राणी विज्ञान विभाग से डॉ. आसिफ जाफरी तथा गृह विज्ञान विभाग से डॉ. कल्पना एवं डॉ. कीर्तिमा ने विद्यार्थियों को प्रेरणादायी संदेश दिए।
इसके बाद विद्यार्थियों की गीत और नृत्य की रंगारंग प्रस्तुतियों ने समारोह में चार चांद लगा दिए। विद्यार्थियों की प्रतिभा, उत्साह और उमंग से पूरा वातावरण जीवंत हो उठा। शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया और उनके साथ समारोह की खुशियां साझा कीं। शिक्षक दिवस समारोह ने विज्ञान संकाय में ज्ञान के साथ संस्कार और शिक्षा के साथ संवेदना के महत्व को रेखांकित किया। विद्यार्थियों द्वारा शिक्षकों के प्रति व्यक्त सम्मान और कृतज्ञता ने गुरु-शिष्य संबंधों की आत्मीयता को और मजबूत किया। समारोह का समापन उत्साह, उल्लास और आत्मीय वातावरण में हुआ।





