*एनसीसी कैडेट्स ने सीखी ड्रोन तकनीक की बारीकियां*

  • whatsapp
  • Telegram
*एनसीसी कैडेट्स ने सीखी ड्रोन तकनीक की बारीकियां*
X



*झांसी।* 56 उत्तर प्रदेश बटालियन एनसीसी, झांसी द्वारा लाल कुर्ती, झांसी में आयोजित संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर-196 के तीसरे दिन एनसीसी कैडेट्स को आधुनिक ड्रोन तकनीक की बारीकियों से परिचित कराया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य कैडेट्स को तेजी से विकसित हो रही तकनीक से जोड़ना और उनमें तकनीकी कौशल के प्रति रुचि पैदा करना रहा।

ड्रोन इंस्ट्रक्टर राकेश राजपूत ने कैडेट्स को ड्रोन की कार्यप्रणाली, उपयोगिता और संचालन से संबंधित जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आने वाला समय ड्रोन तकनीक का होगा और विभिन्न क्षेत्रों में इसका महत्व लगातार बढ़ रहा है। इसलिए युवाओं को इस तकनीक को समझने और सीखने की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए।

इस अवसर पर जयपुरिया स्कूल के कक्षा छह एवं सात के विद्यार्थियों ने एनसीसी कैडेट्स के समक्ष ड्रोन की असेंबलिंग का व्यावहारिक प्रदर्शन किया। बच्चों ने ड्रोन के विभिन्न हिस्सों को जोड़कर उसकी संरचना समझाई तथा ड्रोन को उड़ाकर भी दिखाया। इस प्रदर्शन ने कैडेट्स में खासा उत्साह पैदा किया और वे ड्रोन तकनीक सीखने के लिए प्रेरित हुए।

डिप्टी कैंप कमांडेंट कर्नल अंशुमन सक्सेना ने कैडेट्स को संबोधित करते हुए आधुनिक तकनीक के साथ स्वयं को अपडेट रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि ड्रोन तकनीक का ज्ञान भविष्य में कैडेट्स के लिए उपयोगी साबित हो सकता है।

कार्यक्रम के अंत में डिप्टी कैंप कमांडेंट कर्नल अंशुमन सक्सेना ने जयपुरिया स्कूल से आए विद्यार्थियों को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया।

Next Story
Share it