बालिकाओं के सुरक्षित भविष्य की पहल: छात्राओं को लगाया गया एचपीवी टीका
झाँसी। बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने और उनमें स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सूरज प्रसाद राजकीय...

झाँसी। बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने और उनमें स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सूरज प्रसाद राजकीय...
झाँसी। बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने और उनमें स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सूरज प्रसाद राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, झाँसी की पात्र छात्राओं के लिए एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमावायरस) टीकाकरण एवं जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, झाँसी में आयोजित इस शिविर में छात्राओं को एचपीवी वैक्सीन लगाई गई और उन्हें सर्वाइकल कैंसर से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।
यह कार्यक्रम माननीय राज्यपाल एवं राज्य विश्वविद्यालयों की कुलाधिपति महोदया के निर्देशानुसार तथा बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. मुकेश पाण्डेय के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। शिविर में स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने छात्राओं को बताया कि एचपीवी संक्रमण सर्वाइकल कैंसर के प्रमुख कारणों में से एक है और समय पर टीकाकरण इसके जोखिम को कम करने की दिशा में महत्वपूर्ण सुरक्षा प्रदान करता है।
कार्यक्रम की संयोजक डॉ. नेहा मिश्रा ने कहा कि किशोरावस्था में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता विकसित करना अत्यंत आवश्यक है। एचपीवी टीकाकरण न केवल बालिकाओं के स्वास्थ्य संरक्षण से जुड़ा है, बल्कि भविष्य में सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि बुंदेलखंड विश्वविद्यालय, विद्यालय और स्वास्थ्य केन्द्र के बेहतर समन्वय से शिविर का सफल आयोजन संभव हो सका।
शिविर के दौरान छात्राओं को एचपीवी संक्रमण, सर्वाइकल कैंसर के कारण एवं रोकथाम, टीकाकरण के महत्व और दैनिक जीवन में अपनाई जाने वाली स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों के बारे में सरल भाषा में जानकारी दी गई। छात्राओं की स्वास्थ्य संबंधी जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया।
कार्यक्रम में बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के फिजियोथेरपी विभाग के डॉ. सत्येन्द्र कुमार सिंह, सूरज प्रसाद राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की हेल्थ क्लब प्रभारी डॉ. संध्या गुप्ता, मेडिकल ऑफिसर तथा शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र के चिकित्सकीय एवं स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को सफल बनाने में महिला अध्ययन केन्द्र की समन्वयक डॉ. अचला पाण्डेय, विद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ. सुष्मिता वर्मा तथा विवेक अग्रवाल का विशेष सहयोग रहा।
आयोजकों ने कहा कि इस प्रकार के स्वास्थ्य जागरूकता एवं टीकाकरण कार्यक्रम बालिकाओं को बीमारी से बचाव की जानकारी देने के साथ-साथ उनमें अपने स्वास्थ्य के प्रति जिम्मेदारी की भावना भी विकसित करते हैं। शिविर के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि समय पर टीकाकरण, सही जानकारी और स्वास्थ्य के प्रति सजगता ही बालिकाओं के स्वस्थ एवं सुरक्षित भविष्य की मजबूत आधारशिला है।





