रोजगार मेले में मिली जॉब्स, विद्यार्थियों के खिले चेहरे
झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के गांधी ऑडिटोरियम में बुंदेलखंड विश्वविद्यालय एवं वनएम वनबी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित रोजगार मेले में युवाओं को...

झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के गांधी ऑडिटोरियम में बुंदेलखंड विश्वविद्यालय एवं वनएम वनबी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित रोजगार मेले में युवाओं को...
झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के गांधी ऑडिटोरियम में बुंदेलखंड विश्वविद्यालय एवं वनएम वनबी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित रोजगार मेले में युवाओं को रोजगार, कौशल विकास, आत्मनिर्भरता और नई तकनीकों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया। आयोजन को उत्तर प्रदेश सरकार के श्रम एवं सेवायोजन विभाग, माइक्रोसॉफ्ट तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के एमआईटी वाय स्टार्टअप हब का सहयोग प्राप्त रहा। रोजगार मेले में 35 कंपनियों ने सहभागिता की और करीब 1500 रोजगार अवसर उपलब्ध कराए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के श्रम एवं सेवायोजन राज्य मंत्री मनोहर लाल कोरी ने युवाओं से रोजगार मेले में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने और उपलब्ध अवसरों का पूरा लाभ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा सफलता प्राप्त करें, खुशहाल बनें और अपने भविष्य को बेहतर बनाने के लिए सकारात्मक तथा रचनात्मक दृष्टिकोण अपनाएं।
उन्होंने आयोजन के लिए राज्य सरकार, केंद्र सरकार और बुंदेलखंड विश्वविद्यालय को धन्यवाद देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार सभी को समान अवसर देने की दिशा में कार्य कर रही है। रोजगार के अवसरों में जाति और धर्म से ऊपर उठकर सद्भावना, समानता और सहयोग की भावना को महत्व दिया जा रहा है। उन्होंने युवाओं से श्रीमद्भगवद्गीता के संदेश “कर्मण्येवाधिकारस्ते मा फलेषु कदाचन” से प्रेरणा लेने को कहा। उन्होंने कहा कि रोजगार मेला मंजिल नहीं, बल्कि शुरुआत है। यहां मिलने वाले अवसरों को हाथ से नहीं जाने देना चाहिए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. मुकेश पाण्डेय ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार का रोजगार मेला विभिन्न व्यंजनों से भरी ऐसी थाली की तरह है, जिसमें हर किसी के लिए कुछ न कुछ अवसर उपलब्ध है। उन्होंने युवाओं से कहा कि शुरुआत हमेशा महत्वपूर्ण होती है और प्रत्येक साक्षात्कार सीखने का अवसर प्रदान करता है। प्लेसमेंट केवल नौकरी पाने का माध्यम नहीं, बल्कि स्वयं को बेहतर बनाने, अपनी क्षमताओं को अपग्रेड करने और नई स्किल्स के साथ आगे बढ़ने का अवसर भी है।
कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय और शिक्षण संस्थानों का उद्देश्य केवल डिग्री प्रदान करना नहीं है, बल्कि युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार, कौशल विकास, आत्मनिर्भरता और जिम्मेदार नागरिक के रूप में विकसित करना भी है। मेहनत, योग्यता और आत्मविश्वास युवाओं का अपना है, जबकि उत्तर प्रदेश सरकार, सेवायोजन विभाग, एवं वनएम वनबी फाउंडेशन और विभिन्न कंपनियां उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्लेटफॉर्म प्रदान कर रही हैं।
उन्होंने युवाओं से विकसित भारत 2047 के लक्ष्य में योगदान देने का आह्वान करते हुए कहा कि वे स्किल से एम्प्लॉयमेंट, एम्प्लॉयमेंट से सेल्फ एम्प्लॉयमेंट और सेल्फ एम्प्लॉयमेंट से सेल्फ रिलायंस की दिशा में आगे बढ़ें।
इससे पहले झांसी के मुख्य विकास अधिकारी रामेश्वर सुधाकर ने युवाओं से कहा कि कैंपस प्लेसमेंट या रोजगार मेला अंतिम मंजिल नहीं, बल्कि करियर की शुरुआत है। वास्तविक प्रगति नई स्किल, अनुभव और नवीन सोच से मिलेगी। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड में बुंदेलखंड इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी (बीडा) की स्थापना से रोजगार सृजन की नई संभावनाओं के द्वार खुले हैं। उन्होंने आने वाले समय को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की क्रांति का दौर बताते हुए कहा कि युवाओं के लिए इसमें बड़े अवसर मौजूद हैं।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। स्वागत भाषण में वन एम वन बी फाउंडेशन के डायरेक्टर शिवम अग्रवाल ने बताया कि प्रदेश भर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ग्रीन स्किल्स, डिजिटल स्किल्स और इमर्जिंग टेक्नोलॉजी स्किल्स से संबंधित विभिन्न नि:शुल्क कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि रोजगार मेले में 35 कंपनियां करीब 1500 जॉब अवसर लेकर आई हैं।
ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट सेल के समन्वयक प्रोफेसर एम एम सिंह ने बताया की रोजगार मेला सभी के लिए अवसर लेकर आया है।
समन्वयक डॉ संदीप अग्रवाल ने बताया की रोजगार मेले में 35 से अधिक कंपनियों से आये एच आर ने अभ्यर्थियों के साक्षात्कार लिए। कार्यक्रम के दौरान जॉब्स एक्स्प्रेस के तहत उपलब्ध रोजगार अवसरों और प्लेसमेंट गतिविधियों की जानकारी साझा की गई तथा चयनित अभ्यर्थियों को ऑफर लेटर वितरित किए गए। कार्यक्रम के दौरान बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के कुलसचिव ज्ञानेन्द्र कुमार तथा वित्त अधिकारी प्रमोद कुमार सिंह भी उपस्थित रहे। आयोजन के दौरान दोनों अधिकारियों को सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम के अंत तक चयनित अभ्यर्थियों को ऑफर लेटर प्रदान किए गए, जिनमें मनोज पाल, राहुल कुमार, करन अहिरवार और कोमल शामिल रहे।
कार्यक्रम का संचालन प्रियल चतुर्वेदी और अनिदुआ बानो ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट सेल के समन्वयक डॉ. संदीप अग्रवाल ने किया। इस अवसर पर ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट सेल के प्रमुख प्रो. एम. एम. सिंह, सेवायोजन झांसी के मोहम्मद वसी, डॉ. राघवेन्द्र दीक्षित, अतीत विजय, डॉ संजय सिंह, कृष वर्मा, लतिका सिंह एवं दीपिका मेले में शामिल कंपनी के अधिकारी, एनसीसी कैडट सहित विभिन्न विभागों के शिक्षक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे कार्यक्रम के दौरान प्लेसमेंट सेल का ब्रोचर को भी लांच किया गया, जिसमें प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट से संबंधित पहलों और अवसरों की जानकारी शामिल है।





