स्थापना दिवस समारोह के तहत भाषा विश्वविद्यालय में महिला व पुरुष टेबल टेनिस प्रतियोगिता का आयोजन

  • whatsapp
  • Telegram
स्थापना दिवस समारोह के तहत भाषा विश्वविद्यालय में महिला व पुरुष टेबल टेनिस प्रतियोगिता का आयोजन
X


लखनऊ, 24 सितम्बर 2026। ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय, लखनऊ में माननीय कुलपति प्रो. अजय तनेजा के मार्गदर्शन में सेवा संकल्प अभियान-2026 एवं विश्वविद्यालय के 17वें स्थापना दिवस के अवसर पर टेबल टेनिस (महिला एवं पुरुष) प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों के विद्यार्थियों ने उत्साह एवं खेल भावना के साथ प्रतिभाग किया।

पुरुष वर्ग के फाइनल मुकाबले में संकाय विज्ञान के अनुज कुमार ने अपने ही संकाय के बिट्टू कुमार को 2-0 से पराजित कर चैंपियनशिप अपने नाम की। वहीं महिला वर्ग के फाइनल मुकाबले में संकाय विज्ञान की रिया मिश्रा ने संकाय सामाजिक विज्ञान की कृतिका गुप्ता को 2-0 से पराजित कर महिला वर्ग की चैंपियनशिप हासिल की।

प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में खेल भावना, अनुशासन, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, सहयोग एवं सकारात्मक सोच को बढ़ावा देना रहा। सेवा संकल्प अभियान-2026 के उद्देश्यों के अनुरूप खेल गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा समाज के प्रति अपने दायित्वों के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही, नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

प्रतियोगिता का निर्णायन मुदित शुक्ला, रेहान खान (मुख्य निर्णायक), विशाल, आकर्ष, आदित्य, मो. रेहान, आयुष रस्तोगी एवं शादाब अली द्वारा किया गया। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में क्रीड़ा परिषद के सचिव मोहम्मद शारिक, स्पोर्ट्स क्लब-सांस्कृतिक समिति के सदस्य डॉ. आरिफ अब्बास एवं डॉ. हसन मेहदी तथा शारीरिक शिक्षा विभाग की सहायक आचार्य डॉ. दीपिका दयालु सहित विश्वविद्यालय के अधिकारियों एवं शिक्षकों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले सभी खिलाड़ियों को उनके उत्साह एवं खेल भावना के लिए बधाई दी तथा विजेता खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Next Story
Share it