नशा मुक्त भारत–स्वस्थ भारत के संदेश के साथ सेवा संकल्प अभियान में संगोष्ठी

  • whatsapp
  • Telegram
नशा मुक्त भारत–स्वस्थ भारत के संदेश के साथ सेवा संकल्प अभियान में संगोष्ठी
X



झाँसी, 26 सितम्बर 2026। बुन्देलखंड विश्वविद्यालय में सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत शनिवार को एनेक्सी महिला छात्रावास में “नशा मुक्त भारत–स्वस्थ भारत” विषय पर एक दिवसीय संगोष्ठी आयोजित की गई। महिला अध्ययन केंद्र की ओर से आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशे के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान लगभग 45 विद्यार्थियों को मनोसामाजिक परामर्श भी प्रदान किया गया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि फॉरेंसिक साइंस विभाग की डॉ. अनु सिंगला ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। इसकी लत व्यक्ति की शिक्षा, रोजगार, पारिवारिक संबंधों और सामाजिक जीवन पर प्रतिकूल असर डालती है। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है, क्योंकि स्वस्थ और जागरूक युवा ही सशक्त राष्ट्र की आधारशिला हैं।

संगोष्ठी की अध्यक्षता महिला अध्ययन केंद्र की समन्वयक डॉ. अचला पाण्डेय ने की। उन्होंने कहा कि नशा मुक्त भारत का संकल्प केवल एक अभियान तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वस्थ, सुरक्षित और सशक्त समाज के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। नशे की ओर बढ़ रहे लोगों के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाते हुए उन्हें सही परामर्श, सहयोग और मार्गदर्शन उपलब्ध कराना भी आवश्यक है।

डॉ. पाण्डेय ने छात्राओं से स्वयं नशे से दूर रहने के साथ अपने परिवार, मित्रों और समाज में भी नशा मुक्ति का संदेश पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा को शिक्षा, खेल, रचनात्मक गतिविधियों और सामाजिक सेवा में लगाया जाना चाहिए।

संगोष्ठी का आयोजन महामहिम राज्यपाल एवं कुलाधिपति श्रीमती आनंदीबेन पटेल के निर्देशानुसार तथा विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. मुकेश पाण्डेय के मार्गदर्शन में किया गया।

कार्यक्रम में पूनम पुष्पा, सुमन, शालिनी, अनन्या, अनुष्का, संजना, स्नेहा, साक्षी, नेहा, गरिमा, नैंसी, वंशिका, हिमांशु, पूजा, रश्मि और लवली सहित बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।

Next Story
Share it