स्वच्छ भारत अभियान में एनसीसी कैडेट्स ने किया श्रमदान

  • whatsapp
  • Telegram
स्वच्छ भारत अभियान में एनसीसी कैडेट्स ने किया श्रमदान
X



झांसी, 2 अक्टूबर।56 यूपी बटालियन एनसीसी झांसी के तत्वावधान में बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के एनसीसी कैडेट्स ने स्वच्छ भारत अभियान के अंतर्गत स्वच्छता जागरूकता एवं श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया। कैडेट्स ने परिसर में स्वच्छता अभियान चलाकर लोगों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण में सक्रिय भागीदारी का संदेश दिया।

कर्नल प्रशांत कक्कड़ ने कैडेट्स को संबोधित करते हुए कहा कि स्वच्छता प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। एनसीसी कैडेट्स अनुशासन, सेवा और नेतृत्व की भावना के साथ समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने कैडेट्स से स्वयं स्वच्छता अपनाने के साथ दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।

एनसीसी अधिकारी प्रो. सुनील कुमार काबिया ने कहा कि स्वच्छता को केवल किसी विशेष दिवस या अभियान तक सीमित न रखकर दैनिक जीवन का हिस्सा बनाया जाना चाहिए। उन्होंने कैडेट्स को स्वच्छ परिसर और स्वच्छ समाज के निर्माण में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित किया।

विश्वविद्यालय के हेमंत चंद्रा ने कहा कि स्वच्छ भारत का सपना तभी साकार होगा, जब प्रत्येक व्यक्ति स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी को समझे और अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करे।

अभियान में अंडर ऑफिसर नकुल झा, अंडर ऑफिसर लोकेश विश्वकर्मा, अंडर ऑफिसर दिव्यांश मिश्रा, सिमरन साहू, नैंसी शर्मा एवं आदित्य सहित अन्य एनसीसी कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कैडेट्स ने श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया तथा लोगों को अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के अंत में कैडेट्स ने स्वच्छता बनाए रखने और स्वच्छ एवं स्वस्थ भारत के निर्माण में निरंतर योगदान देने का संकल्प लिया।

Next Story
Share it