भाषा विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अजय तनेजा को मिला ‘अवध रत्न सम्मान’

  • whatsapp
  • Telegram
भाषा विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अजय तनेजा को मिला ‘अवध रत्न सम्मान’
X


ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अजय तनेजा को शिक्षा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान तथा शैक्षणिक नेतृत्व के लिए प्रतिष्ठित ‘अवध रत्न सम्मान’ से सम्मानित किया गया। ऑल इंडिया कैफी आजमी अकादमी में संगम फाउंडेशन की ओर से आयोजित भव्य सम्मान समारोह में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया।

सम्मान प्राप्त करने के बाद प्रो. अजय तनेजा ने कहा कि यह सम्मान उनके लिए व्यक्तिगत उपलब्धि के साथ-साथ ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय के समस्त शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों के सामूहिक प्रयासों का सम्मान है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय शिक्षा, शोध, नवाचार, एआई, स्टार्टअप और कौशल विकास के क्षेत्र में निरंतर नई पहल कर रहा है। उन्होंने सम्मान के लिए संगम फाउंडेशन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उन्हें और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देगा।

प्रो. अजय तनेजा के नेतृत्व में ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय शिक्षा के साथ-साथ शोध, नवाचार, कौशल विकास, स्टार्टअप, तकनीकी शिक्षा और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में निरंतर नई पहल कर रहा है। विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों को बदलती वैश्विक आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने के साथ भारतीय भाषाओं, संस्कृति और आधुनिक तकनीक के समन्वय पर विशेष जोर दिया जा रहा है। विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों को व्यापक बनाने, शोध एवं नवाचार को बढ़ावा देने तथा विद्यार्थियों के लिए नए अवसर सृजित करने की दिशा में विभिन्न शैक्षणिक एवं संस्थागत पहल संचालित की जा रही हैं। विश्वविद्यालय द्वारा कौशल आधारित प्रशिक्षण, स्टार्टअप एवं नवाचार, एआई आधारित पहल तथा उद्योग एवं शिक्षण संस्थानों के साथ सहयोग को भी प्राथमिकता दी जा रही है।समारोह के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण राज्य मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने कहा कि प्रदेश सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के हितों और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित करना समाज में सकारात्मक कार्यों को प्रोत्साहित करने का माध्यम है। समारोह की अध्यक्षता पूर्व कार्यवाहक मुख्यमंत्री डॉ. अम्मार रिजवी ने की।

समारोह में प्रो. तनेजा के अलावा प्रो. शाहिद अख्तर, प्रो. मोहम्मद कमरुल हुदा फरीदी, सैयद हुसैन अफसर तथा डॉ. वासी अहमद आजम अंसारी को भी ‘अवध रत्न सम्मान’ से सम्मानित किया गया। हिंदी साहित्य के क्षेत्र में विशेष योगदान के लिए प्रो. जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव को सम्मान प्रदान किया गया। समारोह में शिक्षा, साहित्य, सामाजिक क्षेत्र एवं अन्य क्षेत्रों से जुड़े गणमान्य लोग, शिक्षाविद् और विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे।

Next Story
Share it