भाषा विश्वविद्यालय के 'बापू बाजार' में स्वावलंबन और स्वाद के संगम ने रचा नया इतिहास

  • whatsapp
  • Telegram
भाषा विश्वविद्यालय के बापू बाजार में स्वावलंबन और स्वाद के संगम ने रचा नया इतिहास
X


ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय के शैक्षणिक खंड स्थित अटल हॉल के प्रांगण में विज्ञान संकाय एवं गृह विज्ञान विभाग के संयुक्त तत्वावधान में एक अनूठे 'स्टूडेंट मार्केटप्लेस इवेंट' के रूप में 'बापू बाजार' का भव्य शंखनाद हुआ। विद्यार्थियों में व्यावसायिक कौशल, आत्मनिर्भरता और उद्यमशीलता की भावना को जाग्रत करने के ध्येय से सजे इस अद्भुत बाजार में मात्र ₹1 से ₹10 के न्यूनतम मूल्य पर अत्यंत उपयोगी वस्त्र, हस्तशिल्प और कलाकृतियाँ उपलब्ध कराई गईं।

माननीय कुलपति प्रो. अजय तनेजा के संरक्षण एवं विज्ञान संकाय की डीन प्रो. तत्हीर फात्मा के कुशल मार्गदर्शन में आयोजित इस अनूठे बाजार का विषय 'मौका है खास, देर न करना आज' रखा गया था। बाजार में मुख्य आकर्षण का केंद्र मात्र ₹1 से लेकर ₹10 तक की बेहद उपयोगी वस्तुएँ रहीं, जिसका परिसर के कर्मचारियों के साथ-साथ विश्वविद्यालय के आस-पास के गाँवों से आए ग्रामीणों ने भी बढ़-चढ़कर लाभ उठाया।

पूर्वाह्न 11:00 बजे से सजे इस एकदिवसीय विशेष बाजार में छात्र उद्यमियों द्वारा स्वयं तैयार की गई सामग्रियों के विविध स्टॉल्स लगाए गए। रचनात्मक और हस्तशिल्प श्रेणी में विद्यार्थियों ने यूनिक हैंडमेड सामग्रियां, स्टेशनरी, शैक्षिक सामग्री, घरेलू सामान, वस्त्र एवं परिधान, खूबसूरत हेयर एक्सेसरीज, हैंडमेड ज्वैलरी, ब्यूटी एक्सेसरीज, कलात्मक रेजिन आर्ट और एस्थेटिक व कस्टम बुकमार्क्स का शानदार प्रदर्शन और विक्रय किया। इसके साथ ही आगामी त्योहारों के मद्देनजर विशेष रूप से लगाए गए 'मेहंदी' के स्टॉल पर भी भारी भीड़ देखी गई।

खाने-पीने के शौकीनों के लिए विद्यार्थियों ने एक से बढ़कर एक स्टॉल सजाए थे। इसमें मुख्य रूप से मोमोज, दही पूरी, पापड़ी चाट, गोलगप्पा (पानीपुरी), वेज सैंडविच, वेज हॉटडॉग, वेज बिरयानी, स्वादिष्ट सेवई और पारंपरिक गुलाब जामुन शामिल रहे। वहीं युवा पीढ़ी की पसंद को ध्यान में रखते हुए हॉट व कोल्ड कॉफी, मैक्रोनी तथा ताजे बेकरी प्रोडक्ट्स के स्टॉल को भी लोगों ने खूब पसंद किया और वहाँ काफी चहल-पहल देखी गई।

गृहविज्ञान एवं विज्ञान संकाय के प्राध्यापकों और समन्वयकों की देखरेख में आयोजित इस कार्यक्रम में विश्वविद्यालय परिवार के साथ-साथ बाहरी आगंतुकों ने भी भारी संख्या में आकर युवा उद्यमियों के हुनर को सराहा। कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों के इस आत्मनिर्भर प्रयास की जमकर प्रशंसा की गई।

Next Story
Share it