सफलता के लिए तकनीकी दक्षता और निरंतर सीखना जरूरी : इंजी. खुशबू मौर्या

  • whatsapp
  • Telegram
सफलता के लिए तकनीकी दक्षता और निरंतर सीखना जरूरी : इंजी. खुशबू मौर्या
X



झांसी। जैव प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में बेहतर करियर के लिए किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक अनुभव, तकनीकी दक्षता और निरंतर सीखने की प्रवृत्ति आवश्यक है। विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा और रोजगार के अवसरों के अनुरूप स्वयं को तैयार करना चाहिए। यह बात बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (आईईटी) के जैव प्रौद्योगिकी विभाग की पूर्व छात्रा एवं डॉ. रेड्डीज लैबोरेटरीज, हैदराबाद में कार्यरत इंजी. खुशबू मौर्या ने कही। वह शनिवार को विश्वविद्यालय में आयोजित एल्युमनी टॉक को संबोधित कर रही थीं।

विश्वविद्यालय के एल्युमनी सेल एवं कैंपस एल्युमनी एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित ATAL सीरीज–2026 के अंतर्गत इंजी. खुशबू मौर्या ने विद्यार्थियों से अपने शैक्षणिक एवं औद्योगिक अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि लक्ष्य निर्धारित कर सही दिशा में किए गए प्रयास और समय का सदुपयोग सफलता का मार्ग प्रशस्त करते हैं। जैव प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में करियर की व्यापक संभावनाएं हैं, लेकिन इसके लिए विद्यार्थियों को उद्योग जगत की बदलती आवश्यकताओं के अनुरूप अपने कौशल को विकसित करना होगा।

विभाग के वर्ष 2014–18 बैच की टॉपर रहीं खुशबू मौर्या ने इंस्टीट्यूट ऑफ केमिकल टेक्नोलॉजी (आईसीटी), मुंबई से एमटेक किया है। वर्तमान में वह डॉ. रेड्डीज लैबोरेटरीज, हैदराबाद में कार्यरत हैं। इससे पूर्व वह बायोकॉन, बेंगलुरु और रिलायंस लाइफ साइंसेज, नवी मुंबई में भी सेवाएं दे चुकी हैं। उन्होंने बीटेक के सभी वर्षों के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा, तकनीकी कौशल, औद्योगिक कार्यसंस्कृति और रोजगार की संभावनाओं से परिचित कराया। संवादात्मक सत्र में विद्यार्थियों ने करियर संबंधी प्रश्न पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान किया।

कार्यक्रम का संचालन विभाग के एल्युमनी समन्वयक डॉ. बृजेंद्र कश्यप ने किया। इस अवसर पर विभागाध्यक्ष डॉ. महेंद्र प्रताप सिंह, डॉ. मुकुल सक्सेना, डॉ. आनंद कुमार पांडेय एवं डॉ. दिनेश द्विवेदी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के ऑनलाइन संचालन में छात्र समन्वयक सौद अहमद खान, श्रुति शुक्ला, सोनाली सक्सेना, साक्षी मधेशिया, वर्षा सिंह, सत्यम तिवारी एवं कार्तिकेय कुमार ने सहयोग किया।

Next Story
Share it