भाषा विश्वविद्यालय में हुआ जनरेटिव एआई और डेटा एनालिटिक्स के करियर अवसरों पर मंथन

  • whatsapp
  • Telegram
भाषा विश्वविद्यालय में हुआ जनरेटिव एआई और डेटा एनालिटिक्स के करियर अवसरों पर मंथन
X


ख़्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय के कंप्यूटर विज्ञान एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा “GEN AI Powered Data Analytics: The Career Catalyst” विषय पर एक्सटेंशन लेक्चर का आयोजन कुलपति प्रो अजय तनेजा के सरंक्षण में किया गया।

इस अवसर पर कार्यक्रम के संयोजक डॉ मजहर खालिक ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डेटा एनालिटिक्स वर्तमान समय की महत्वपूर्ण तकनीकें हैं, जो शिक्षा, उद्योग और रोजगार के क्षेत्र में व्यापक परिवर्तन ला रही हैं। विद्यार्थियों के लिए आवश्यक है कि वे पारंपरिक ज्ञान के साथ आधुनिक तकनीकी कौशल भी विकसित करें, ताकि बदलती औद्योगिक आवश्यकताओं के अनुरूप स्वयं को तैयार कर सकें। उन्होंने ऐसे शैक्षणिक आयोजनों को विद्यार्थियों में नवाचार, तार्किक चिंतन और व्यावहारिक समझ विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण बताया।

कार्यक्रम के सह-संयोजक डॉ. रज़ा अब्बास हैदरी ने अपने वक्तव्य में कहा कि जनरेटिव एआई और डेटा एनालिटिक्स का समन्वय कार्यप्रणालियों को अधिक प्रभावी बनाने के साथ नए व्यावसायिक अवसर भी सृजित कर रहा है। विद्यार्थियों को इन तकनीकों की कार्यप्रणाली समझने के साथ-साथ उनके व्यावहारिक उपयोग, विश्लेषणात्मक सोच और समस्या-समाधान संबंधी कौशल पर विशेष ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के व्याख्यान विद्यार्थियों को अकादमिक ज्ञान और उद्योग जगत की आवश्यकताओं के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने में सहायता करते हैं व्याख्यान के दौरान डेटा विश्लेषण, कार्यों के ऑटोमेशन, डेटा-आधारित निर्णय-निर्माण तथा विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की बढ़ती उपयोगिता पर चर्चा की गई। विद्यार्थियों को इन तकनीकों के व्यावहारिक महत्व और बदलते तकनीकी परिदृश्य में उनकी भूमिका से अवगत कराया गया।

कार्यक्रम का आयोजन संयोजक डॉ. मज़हर ख़ालिक एवं सह-संयोजक डॉ. रज़ा अब्बास हैदरी के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम के समन्वय में शगुफ्ता खान एवं मुस्कान चौधरी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस अवसर पर विभाग के शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। प्रश्नोत्तर सत्र में विद्यार्थियों ने विषय से संबंधित प्रश्न पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।

Next Story
Share it