भारत बोध परीक्षा में विद्यार्थियों की भागीदारी बढ़ाएगा महाराजा सुहेल देव विश्वविद्यालय

  • whatsapp
  • Telegram
भारत बोध परीक्षा में विद्यार्थियों की भागीदारी बढ़ाएगा महाराजा सुहेल देव विश्वविद्यालय
X



आजमगढ़। महाराजा सुहेल देव विश्वविद्यालय, आजमगढ़ से संबद्ध महाविद्यालयों के विद्यार्थियों की भारत बोध परीक्षा-2026 में सहभागिता बढ़ाने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने पहल की है। उत्तर प्रदेश शासन के उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशों के क्रम में विश्वविद्यालय ने संबद्ध महाविद्यालयों से विद्यार्थियों को परीक्षा में शामिल होने के लिए प्रेरित करने तथा निर्धारित समयसीमा के भीतर पंजीकरण सुनिश्चित कराने की अपील की है।

भारत बोध परीक्षा-2026 का आयोजन 21 नवंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक किया जाएगा। इसमें स्नातक एवं स्नातकोत्तर स्तर के विद्यार्थी भाग ले सकेंगे। परीक्षा के लिए संस्थानों का पंजीकरण 31 अक्टूबर 2026 तक किया जा सकता है। परीक्षा में कला, विज्ञान एवं सामाजिक विज्ञान से संबंधित विषयवस्तु शामिल होगी।

कुलपति प्रो. संजीव कुमार ने कहा कि भारत बोध परीक्षा विद्यार्थियों को अपनी सभ्यता, संस्कृति, ज्ञान परंपरा और गौरवशाली विरासत को समझने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करती है। भारतीय ज्ञान परंपरा से परिचित युवा अपनी जड़ों से जुड़कर आधुनिक चुनौतियों का बेहतर ढंग से सामना कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ राष्ट्रीय चेतना और सांस्कृतिक मूल्यों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। संबद्ध महाविद्यालय विद्यार्थियों को इस परीक्षा में भाग लेने के लिए प्रेरित करें, ताकि अधिक से अधिक युवा भारत की समृद्ध बौद्धिक विरासत से परिचित हो सकें।

कुलसचिव अमृत लाल ने कहा कि परीक्षा में अधिकाधिक विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए संबद्ध महाविद्यालयों के साथ आवश्यक समन्वय किया जाएगा। उन्होंने महाविद्यालयों से निर्धारित समयसीमा में पंजीकरण प्रक्रिया पूरी कराने और विद्यार्थियों तक परीक्षा से संबंधित जानकारी पहुंचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की पहल विद्यार्थियों को भारतीय ज्ञान, संस्कृति और परंपराओं के विविध आयामों को समझने का अवसर प्रदान करती है।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी संबद्ध महाविद्यालयों से शासन के निर्देशों के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई करने और विद्यार्थियों की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया है।

Next Story
Share it