देशज प्रवृत्तियों के समावेश से सशक्त होगी राष्ट्रीय शिक्षा प्रणाली: बीबीएयू में विशेष व्याख्यान आयोजित
बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय में दिनांक 11 नवंबर को ऐमीनेंट लेक्चर सीरीज समिति की ओर से ऐमीनेंट लेक्चर व्याख्यानमाला के अंतर्गत...

बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय में दिनांक 11 नवंबर को ऐमीनेंट लेक्चर सीरीज समिति की ओर से ऐमीनेंट लेक्चर व्याख्यानमाला के अंतर्गत...
बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय में दिनांक 11 नवंबर को ऐमीनेंट लेक्चर सीरीज समिति की ओर से ऐमीनेंट लेक्चर व्याख्यानमाला के अंतर्गत 'स्वातंत्र्योत्तर भारत में राष्ट्रीय शिक्षा प्रणाली की देशज प्रवृत्ति: एक दृश्यावलोकन' विषय पर विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने की।
मुख्य अतिथि एवं वक्ता के तौर पर जाने-माने शिक्षाविद् एवं जयप्रकाश विश्वविद्यालय, छपरा, बिहार के पूर्व कुलपति प्रो. हरिकेश सिंह उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त मंच पर डीन ऑफ अकेडमिक अफेयर्स प्रो. एस. विक्टर बाबू, ऐमीनेंट लेक्चर सीरीज समिति की अध्यक्ष प्रो. शिल्पी वर्मा, शिक्षा विभाग बीबीएयू के विभागाध्यक्ष एवं संकायाध्यक्ष प्रो. राजशरण शाही एवं प्रो. सुभाष मिश्रा मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन एवं बाबासाहेब के छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करने के साथ हुई। विश्वविद्यालय कुलगीत गायन के पश्चात आयोजन समिति की ओर से मुख्य अतिथि एवं शिक्षकों को पौंधा भेंट करके उनका स्वागत किया गया। सर्वप्रथम प्रो. शिल्पी वर्मा ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों का स्वागत किया एवं सभी को कार्यक्रम के उद्देश्य एवं रुपरेखा से अवगत कराया।
विश्वविद्यालय कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने अपने संबोधन में कहा कि किसी भी देश की शिक्षा प्रणाली वहां की भौगोलिक परिस्थितियों, प्रकृति और सामाजिक आवश्यकताओं के अनुरूप होनी चाहिए। प्राचीन भारत में शिक्षा व्यवस्था का प्रकृति और भारतीय ज्ञान परंपरा के साथ गहरा समन्वय था, जिसके आधार पर समाज की आवश्यकताएं पूरी होती थीं। उन्होंने कहा कि अंग्रेजों ने अपने व्यावसायिक हितों के अनुरूप शिक्षा प्रणाली में बदलाव कर भारतीय सोच और ज्ञान परंपरा को प्रभावित किया। प्रो. मित्तल ने बताया कि आज भारत पुनः अपनी सांस्कृतिक विरासत और मजबूत सामाजिक मूल्यों के आधार पर हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। इसीलिए वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए राष्ट्रीय शिक्षा नीति का प्रभावी क्रियान्वयन अत्यंत आवश्यक है।
जयप्रकाश विश्वविद्यालय, छपरा, बिहार के पूर्व कुलपति प्रो. हरिकेश सिंह ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि भारतीय दर्शन का मूल तत्व सम्यकता एवं देशजता है। बाबासाहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर देशज चिंतन एवं भारतीय ज्ञान परंपरा के प्रमुख संरक्षकों में से एक थे। उन्होंने कहा कि अंग्रेजों ने वर्ष 1835 में मैकाले की शिक्षा नीति के माध्यम से भारतीयों की मानसिकता एवं शिक्षा व्यवस्था को प्रभावित करने का प्रयास किया, जिससे भारतीय ज्ञान परंपरा का प्रभाव धीरे-धीरे कम होता चला गया। उन्होंने वर्तमान शिक्षा व्यवस्था में भारतीय ज्ञान परंपरा को शामिल किए जाने की सराहना करते हुए कहा कि इसके लिए अलग से पाठ्यक्रम बनाने की आवश्यकता नहीं है, बल्कि भारतीय रीति-रिवाजों, परंपराओं, सांस्कृतिक विरासत एवं जीवन मूल्यों को शिक्षा का अभिन्न हिस्सा बनाया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि उन्हें अपनी संस्कृति, समाज और प्रकृति के प्रति जागरूक बनाना भी है। साथ ही, उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को शिक्षा व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए कहा कि पर्यावरण के प्रति सजगता एवं संवेदनशीलता को और अधिक प्रभावी ढंग से लागू किया जाना चाहिए, ताकि विद्यार्थियों में प्रकृति के संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों के प्रति जिम्मेदारी का भाव विकसित हो सके।
प्रो. विक्टर बाबू ने कहा कि मैकाले के संबंध में चर्चा करते हुए कहा कि उसका उद्देश्य ऐसे लोगों का वर्ग तैयार करना था, जो भारतीय मूल्यों, परंपराओं और संस्कृति से दूर होकर अंग्रेजी सभ्यता एवं संस्कृति से प्रभावित हों। इसके लिए उसने सुनियोजित प्रयास किए।
प्रो. राज शरण शाही ने कहा कि भारत के स्वतंत्रता संग्राम में केवल राजनीतिक आजादी ही नहीं, बल्कि शिक्षा व्यवस्था को भारतीय संस्कृति, परंपराओं और जीवन मूल्यों से जोड़ने का संघर्ष भी शामिल रहा।
अंत में आयोजन समिति की ओर से मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह एवं शॉल भेंट करके उनके प्रति आभार व्यक्त किया गया। समस्त कार्यक्रम के दौरान विभिन्न संकायों के संकायाध्यक्ष, विभागाध्यक्ष, शिक्षकगण, गैर शिक्षण कर्मचारी, शोधार्थी एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।





