बीबीएयू के विधि विभाग ने ग्राम गहरू में आयोजित किया विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर
बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू), लखनऊ के विधि विभाग के विधिक सेवा केंद्र द्वारा ग्राम गहरू, सरोजिनी नगर, लखनऊ में विधिक...

बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू), लखनऊ के विधि विभाग के विधिक सेवा केंद्र द्वारा ग्राम गहरू, सरोजिनी नगर, लखनऊ में विधिक...
बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू), लखनऊ के विधि विभाग के विधिक सेवा केंद्र द्वारा ग्राम गहरू, सरोजिनी नगर, लखनऊ में विधिक साक्षरता शिविर एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन विधि विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. (डॉ.) सुदर्शन वर्मा के निर्देशन में किया गया।
कार्यक्रम में विधिक सेवा केंद्र के संयोजक प्रो. प्रदीप कुमार, प्रो. अनीस अहमद एवं डॉ. मुजीबुर रहमान ने ग्रामीणों को उनके संवैधानिक एवं कानूनी अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया तथा दैनिक जीवन से जुड़े विभिन्न कानूनी पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं, बुजुर्गों एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के कानूनी अधिकारों, सरकारी विधिक सहायता की उपलब्धता और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की भूमिका पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर विधि विभाग के बी.बी.ए. एल.एल.बी. (ऑनर्स) के सातवें सेमेस्टर के छात्र सार्थक चंद्रा एवं आयुष कुमार ने भी ग्रामीणों को विभिन्न कानूनी विषयों की जानकारी देते हुए सरल भाषा में उनके अधिकारों और उपलब्ध कानूनी उपायों के बारे में समझाया। वहीं, विभागीय कर्मचारी श्री धर्मेंद्र यादव ने कार्यक्रम के संचालन एवं ग्राम स्तर पर समन्वय स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
शिविर के दौरान ग्रामीणों से संवाद स्थापित कर उनकी कानूनी समस्याओं को समझा गया तथा उन्हें आवश्यक कानूनी मार्गदर्शन प्रदान किया गया। साथ ही, उन्हें बताया गया कि पात्र व्यक्ति जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त कर सकते हैं। यह पहल समाज के कमजोर एवं वंचित वर्गों तक कानूनी जानकारी पहुंचाने, विधिक जागरूकता को बढ़ावा देने तथा न्याय तक समान पहुंच सुनिश्चित करने की दिशा में विश्वविद्यालय का एक महत्वपूर्ण प्रयास रही।





