बीबीएयू में सांख्यिकी परामर्श एवं अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक और औद्योगिक क्षेत्र में सांख्यिकी के व्यापक अवसरों पर विशेषज्ञ व्याख्यान आयोजित

  • whatsapp
  • Telegram
बीबीएयू में सांख्यिकी परामर्श एवं अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक और औद्योगिक क्षेत्र में सांख्यिकी के व्यापक अवसरों पर विशेषज्ञ व्याख्यान आयोजित
X


बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू), लखनऊ में कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल के मार्गदर्शन में स्कूल ऑफ फिजिकल एंड डिसीजन साइंसेज के सांख्यिकी विभाग द्वारा ‘सांख्यिकी परामर्श और अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक एवं औद्योगिक क्षेत्र में सांख्यिकी का दायरा’ विषय पर विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर मुख्य वक्ता के रूप में उत्तरी कैरोलिना विश्वविद्यालय, ग्रीन्सबोरो (UNC Greensboro), अमेरिका के सांख्यिकी विभाग के प्रोफेसर एमेरिटस एवं अमेरिकन स्टैटिस्टिकल एसोसिएशन के फेलो प्रो. सत गुप्ता उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त स्कूल ऑफ फिजिकल एंड डिसीजन साइंसेज के संकायाध्यक्ष प्रो. सुरिंदर कुमार और सांख्यिकी विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. सुभाष कुमार यादव उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ संकायाध्यक्ष प्रो. सुरिंदर कुमार के स्वागत भाषण से हुआ। इसके पश्चात प्रो. सुभाष कुमार यादव ने सभी के समक्ष कार्यक्रम की रुपरेखा उपस्थित की।

प्रो. सत गुप्ता ने सांख्यिकी परामर्श की अवधारणा, इसके महत्व तथा अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक एवं औद्योगिक क्षेत्रों में सांख्यिकीविदों के लिए उपलब्ध वैश्विक करियर अवसरों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने विभिन्न विषयों एवं क्षेत्रों में सांख्यिकी के अंतःविषय अनुप्रयोगों, अंतरराष्ट्रीय अनुसंधान पद्धतियों तथा जटिल शोध समस्याओं के समाधान में सांख्यिकी की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि साक्ष्य आधारित निर्णय लेने और गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान को आगे बढ़ाने में सांख्यिकी विशेषज्ञता की प्रासंगिकता निरंतर बढ़ रही है।

प्रो. सुरिंदर कुमार ने सांख्यिकी के क्षेत्र में अपने अंतरराष्ट्रीय अनुभव और विशेषज्ञता को प्रतिभागियों के साथ साझा किया। साथ ही प्रो. सुभाष कुमार यादव ने व्याख्यान के विषय की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए समकालीन अनुसंधान, शैक्षणिक जगत एवं औद्योगिक क्षेत्र में सांख्यिकी की बढ़ती उपयोगिता और सांख्यिकी परामर्श के महत्व पर प्रकाश डाला।

इस दौरान डॉ. अमित कुमार मिश्रा, डॉ. राहुल वर्मा ने पौधा भेंट कर प्रो. सत गुप्ता का आभार व्यक्त किया। व्याख्यान के माध्यम से विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सांख्यिकी के क्षेत्र में उभरते अवसरों, अनुसंधान की संभावनाओं तथा सांख्यिकी परामर्श के बदलते स्वरूप को समझने का अवसर प्राप्त हुआ। यह आयोजन विद्यार्थियों, शोधार्थियों एवं संकाय सदस्यों के लिए सांख्यिकी के वैश्विक परिदृश्य और इसके बढ़ते व्यावसायिक एवं अकादमिक महत्व को समझने की दिशा में एक महत्वपूर्ण शैक्षणिक पहल साबित हुआ।

कार्यक्रम में विभाग के संकाय सदस्यों, विद्यार्थियों, शोधार्थियों एवं अन्य प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम के अंत में डॉ. राहुल वाष्र्णेय ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए मुख्य वक्ता, माननीय कुलपति, विश्वविद्यालय प्रशासन, संकाय सदस्यों एवं सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। संपूर्ण कार्यक्रम का संचालन एवं समन्वय डॉ. प्रयास शर्मा द्वारा किया गया।

Next Story
Share it